
IPL 2025: SRH ने अपने आखिरी मैच में KKR को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 68वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 110 रन से हराते हुए अपने अभियान का समापन किया।
अरुण जेटली स्टेडियम में SRH ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 278/3 का स्कोर बनाया।
जवाब में KKR की टीम पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए 168 रन पर ही सिमट गई।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
SRH ने दर्ज की बड़ी जीत
SRH से अभिषेक शर्मा (32) और ट्रेविस हेड (76) की जोड़ी ने 92 रन की साझेदारी की।
अच्छी शुरुआत के बाद क्लासेन ने जोरदार शतक (105*) लगाया और ईशान किशन ने 29 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया।
जवाब में KKR से क्विंटन डिकॉक (9), अजिंक्य रहाणे (15) और रिंकू सिंह (9) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद भी टीम ने निरंतर विकेट खोए और KKR लक्ष्य से दूर रह गई।
हेड
हेड ने इस सीजन में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया
हेड ने पारी का तीसरा ओवर करने आए वैभव अरोड़ा की जमकर खबर ली।
इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अरोड़ा के ओवर में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। अरुण जेटली स्टेडियम में उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हेड 40 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 6 चौके और इतने ही छक्के लगाए। उनका विकेट सुनील नरेन ने हासिल किया।
क्लासेन
क्लासेन ने खेली शतकीय पारी
SRH को 92 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक (32) के रूप में पहला झटका लगा था।
इसके बाद क्लासेन बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और फिर उसे 37 गेंदों में शतक में तब्दील कर दिया।
उन्होंने हेड (76) के साथ 83 और ईशान किशन (29) के साथ 83 रन की साझेदारी निभाई।
क्लासेन पारी में 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 105 रन पर नाबाद रहे।
शतक
क्लासेन ने लगाया IPL में तीसरा सबसे तेज शतक
क्लासेन अब IPL इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में यूसुफ पठान की बराबरी की है, जिन्होंने IPL 2010 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 37 गेंदों में शतक जड़ा था।
इस सूची में क्रिस गेल (30 गेंद, बनाम पुणे वॉरियर्स, IPL 2013) पहले पायदान पर हैं।
इसी तरह राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी (35 गेंद, बनाम गुजरात टाइटंस, IPL 2025) दूसरे नंबर पर हैं।
जानकारी
नरेन ने हासिल की ये उपलब्धि
नरेन ने आज 42 रन देते हुए 1 विकेट लिया। उन्होंने टी-20 में KKR से खेलते हुए 209 विकेट हो गए हैं। वह किसी एक फ्रेंचाइजी से खेलते हुए सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने समित पटेल (208 विकेट, नॉटिंघमशायर) को पीछे छोड़ा है।
SRH
SRH ने IPL का तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया
SRH ने IPL के इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर दर्ज किया।
इस लीग में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड भी SRH के ही नाम पर है, जब उन्होंने 2024 में RCB के खिलाफ 287/3 का स्कोर बनाया था।
IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर भी SRH ने ही बनाया हुआ है। इसी सीजन में पैट कमिंस की कप्तानी वाली SRH ने RR के खिलाफ 286/6 का स्कोर बनाया था।