
SRH बनाम KKR: हेनरिक क्लासेन ने IPL में जड़ा संयुक्त तीसरा सबसे तेज शतक, जानिए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 68वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (105*) खेली।
यह उनके IPL करियर का दूसरा और KKR के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 37 गेंदों में पूरा किया।
यह IPL इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक रहा है। उनकी पारी से SRH मैच में विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
बल्लेबाजी
कैसी रही क्लासेन की पारी और साझेदारी?
SRH को 92 रन के कुल स्कोर पर अभिषेक शर्मा (32) के रूप में पहला झटका लगा था।
इसके बाद क्लासेन बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और फिर उसे 37 गेंदों में शतक में तब्दील कर दिया।
उन्होंने ट्रेविस हेड (76) के साथ 83 और ईशान किशन (29) के साथ 83 रन की साझेदारी निभाई।
क्लासेन पारी में 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 105 रन पर नाबाद रहे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें क्लासेन के शतक का जश्न
Breathtaking and Belligerent 🫡
— IndianPremierLeague (@IPL) May 25, 2025
Describe Heinrich Klaasen's second #TATAIPL 💯 in one word 👇
Scorecard ▶ https://t.co/4Veibn1bOs #SRHvKKR | @SunRisers pic.twitter.com/HOIgoCYtTO
शतक
क्लासेन ने अपने नाम दर्ज की यह खास उपलब्धि
क्लासेन अब IPL इतिहास में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में यूसुफ पठान की बराबरी की है, जिन्होंने IPL 2010 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 37 गेंदों में शतक जड़ा था।
इस सूची में क्रिस गेल (30 गेंद, बनाम पुणे वॉरियर्स, IPL 2013) पहले पायदान पर हैं।
इसी तरह राजस्थान रॉयल्स (RR) के वैभव सूर्यवंशी (35 गेंद, बनाम गुजरात टाइटंस, IPL 2025) दूसरे नंबर पर हैं।
उपलब्धि
क्लासेन ने SRH के लिए जड़ा दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
इस पारी में क्लासेन ने 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। इसके साथ ही वह IPL में SRH के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
इस मामले में अभिषेक शर्मा (16 गेंद, बनाम मुंबई इंडियंस, IPL 2024), ट्रेविस हेड (16 गेंद, बनाम दिल्ली कैपिटल्स, IPL 2024) और हेड (16 गेंद, बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, IPL 2024) संयुक्त रूप से पहले पायदान पर हैं।
करियर
कैसा रहा क्लासेन का IPL करियर?
क्लासेन ने साल 2018 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 49 मैचों की 45 पारियों में 40 की औसत से 1,480 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 169.72 की रही है।
उन्होंने अपने करियर में 2 शतक के अलावा 8 अर्द्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है।
वह विकेट के पीछे भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 शिकार कर चुके हैं।