Page Loader
IPL 2025: CSK के लिए पहले मैच में नूर अहमद ने झटके 4 विकेट, जानिए आंकड़े 
नूर अहमद ने घातक गेंदबाजी की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: CSK के लिए पहले मैच में नूर अहमद ने झटके 4 विकेट, जानिए आंकड़े 

Mar 23, 2025
09:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए अपना पहला मुकाबला खेलते हुए नूर अहमद ने 4 विकेट झटके। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ इस मुकाबले में नूर की घूमती हुई गेंदों को कोई भी बल्लेबाज पढ़ नहीं पाया। उन्होंने MI के पूरे मध्यक्रम की कमर तोड़कर रख दी। अफगानिस्तान के इस स्पिन गेंदबाज ने IPL में पहली बार 4 विकेट हॉल लिया है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/37 का रहा था।

गेंदबाजी

ऐसी रही नूर की गेंदबाजी 

नूर ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च किए और 4 बल्लेबाजों को पवेलिन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 4.50 की रही। इस खिलाड़ी ने सूर्यकुमार यादव (29), तिलक वर्मा (31), रॉबिन मिंज (3) और नमन धीर (17) को अपना शिकार बनाया। नूर की शानदार गेंदबाजी का ही नतीजा था कि MI पहली पारी में 155/9 का स्कोर ही बना पाई। नूर के अलावा खलील अहमद ने 3 विकेट अपने नाम किए।

करियर

कैसा रहा है नूर का IPL करियर?

नूर ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2023 में खेला था। उन्होंने अब तक 24 मुकाबले खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 24.17 की औसत से 28 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/18 का रहा है। IPL 2024 में यह खिलाड़ी गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेला था। उन्होंने 10 मुकाबलों में 8 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/20 का रहा था। IPL 2025 की नीलामी में नूर को CSK ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था।

जानकारी

ऐसी रही खलील अहमद की गेंदबाजी 

CSK के लिए खलील ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 29 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने रोहित शर्मा (0), रयान रिकेल्टन (13) और ट्रेंट बोल्ट (1) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर MI को तेज शुरुआत नहीं करने दिया।