
IPL 2025: MI ने LSG को हराते हुए लगातार 5वीं जीत दर्ज की, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) को 54 रन से हराते हुए लगातार 5वीं जीत दर्ज की।
वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में MI ने पहले खेलते हुए 215/7 का स्कोर बनाया। जवाब में LSG की टीम 20 ओवर में 161 रन पर ही सिमट गई।
यह मौजूदा सीजन में उनकी कुल छठी जीत है।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती MI की टीम
MI से रयान रिकेल्टन (58) और सूर्यकुमार यादव (54) ने अर्धशतक लगाए।
वहीं आखिरी ओवरों के दौरान नमन धीर (25 *) और कोर्बिन बॉश (20) ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
जवाब में मिचेल मार्श (34) और निकोलस पूरन (27) ने तेज बल्लेबाजी की। उनके अलावा मध्यक्रम में बडोनी (35) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। MI से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
जानकारी
IPL में 150 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनी MI
MI अब IPL के इतिहास में 150 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है। उन्होंने अब तक 272 मैच जीते हैं, जिसमें 150 जीत (2 मुकाबले सुपर ओवर की जीत के भी शामिल) दर्ज की है।
रिकेल्टन
रिकेल्टन ने अपने IPL करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया
MI को रिकेल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। हालांकि, रोहित शर्मा 5 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बावजूद रिकेल्टन ने एक छोड़ संभाले रखा और 32 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 181.25 की रही।
तीसरे विकेट के लिए विल जैक्स के साथ इस खिलाड़ी ने 35 गेंदों में 55 रन की साझेदारी निभाई।
सूर्यकुमार
सूर्यकुमार ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी
सूर्यकुमार ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए IPL करियर का 27वां अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और 54 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 शानदार छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 192.86 की रही।
सूर्यकुमार ने इस संस्करण LSG के खिलाफ लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया है।
इससे पहले उन्होंने IPL 2025 के 16वें मुकाबले में 67 रन की पारी खेली थी।
उपलब्धि
सूर्यकुमार ने पूरे किए अपने 4,000 IPL रन
अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान सूर्यकुमार ने अपने 4,000 रन पूरे किए।
वह IPL में 4,000 रन पूरे करने वाले कुल 17वें बल्लेबाज बने हैं।
सूर्यकुमार की स्ट्राइक रेट 146 से ऊपर है, जो 4,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सबसे बेहतर है।
विश्व के बल्लेबाजों की बात करें तो इस सूची में उनसे आगे केवल एबी डिविलियर्स (151.68) और क्रिस गेल (148.96) ही हैं।
बुमराह
बुमराह ने चटकाए 4 विकेट, हासिल की ये उपलब्धि
बुमराह ने अपने 4 ओवर के कोटे में 22 रन देते हुए 4 विकेट हासिल किए।
इस बीच वह MI की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने इस मामले में लसिथ मलिंगा (170) को पीछे छोड़ा है।
बुमराह अब IPL इतिहास में किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ सुनील नरेन हैं, जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 187 विकेट लिए हैं।
जानकारी
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची MI
MI की टीम अब 12 अंको के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। GT की टीम के भी 12 अंक है और शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम शीर्ष पायदान पर बरकरार है।