
IPL 2025: सूर्यकुमार यादव का इस संस्करण में कैसा रहा प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) का सफर समाप्त हो गया। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेलते हुए MI की टीम क्वालीफायर-2 मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) से 5 विकेट से हार गई।
इसके साथ ही MI का छठा खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया। इस संस्करण में MI के लिए बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन किया और वह टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
आइए उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
सूर्यकुमार ने MI के लिए किया यादगार प्रदर्शन
IPL 2025 में सूर्यकुमार ने टीम के लिए बेहद यादगार प्रदर्शन किया। वह 16 मैचों में 65.18 की औसत और 167.91 की स्ट्राइक रेट के साथ 717 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस बीच उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन का रहा है।
इस सीजन में उन्होंने कुल 69 चौके और 38 छक्के भी जड़े हैं। वह इस संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर रहे हैं।
उपलब्धि
सूर्यकुमार ने IPL में पूरे किए 4,000 रन
सूर्यकुमार ने सीजन के 45वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ खेली गई 54 रन की अर्धशतकीय पारी के दौरान अपने 4,000 IPL रन भी पूरे किए थे।
वह IPL में यह उपलब्धि हासिल करने वाले 17वें बल्लेबाज बने थे। उन्होंने अपने 160वें मैच की 145वीं पारी के दौरान यह कारनामा किया था।
उनकी स्ट्राइक रेट 148 से ऊपर है, जो 4,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सबसे अधिक है।
रिकॉर्ड
MI के लिए एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार ने सीजन के 69वें मुकाबले में PBKS के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी (57) खेली थी।
उस दौरान उन्होंने एक संस्करण में MI के लिए सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। सचिन ने IPL 2010 में कुल 618 रन बनाए थे।
उस अर्धशतकीय पारी के साथ सूर्यकुमार 640 रन पर पहुंचे थे, लेकिन अब वह MI के लिए 700 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
रिकॉर्ड
सूर्यकुमार ने यह रिकॉर्ड भी किया अपने नाम
क्वालीफायर-2 में खेली गई 44 रन की पारी के बाद सूर्यकुमार अब IPL इतिहास के एक संस्करण में बतौर गैर सलामी बल्लेबाज के रूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुुरु (RCB) के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है।
डिविलियर्स ने IPL 2016 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कुल 687 रन बनाए थे और यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
जानकारी
सूर्यकुमार ने लगातार 16 पारी में बनाए 25+ रन
सूर्यकुमार ने इस संस्करण सभी 16 पारियों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25+ रन बनाए हैं। वह टी-20 क्रिकेट में लगातार सर्वाधिक 25+ रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका में तेम्बा बावुमा (13) दूसरे पायदान पर काबिज हैं।
करियर
कैसा रहा है सूर्यकुमार का IPL करियर?
सूर्यकुमार ने अपने IPL करियर का आगाज 2012 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ किया था।
वह अब तक 166 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 151 पारियों में 35.05 की औसत और 148.66 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,311 रन बना चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने 29 अर्धशतकों के साथ 2 शतक भी जड़े हैं। इस लीग में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 103 रन का रहा है।
वह अब तक 454 चौके और 168 छक्के भी जड़ चुके हैं।