Page Loader
IPL 2025, एलिमिनेटर: GT बनाम MI मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
रोहित ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025, एलिमिनेटर: GT बनाम MI मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'

May 30, 2025
11:55 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 20 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में प्रवेश किया। MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 228/5 का स्कोर बनाया। जवाब में GT ने 208/6 का स्कोर बनाया। MI की इस जीत में रोहित शर्मा की अहम भूमिका रही। वह हमारे 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए।

पारी 

रोहित ने खेली 81 रन की पारी 

रोहित ने 50 गेंदों में 81 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के लगाए थे। रोहित का यह IPL प्लेऑफ में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी रहा है। इससे पहले उन्होंने IPL 2020 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 68 रन की पारी खेली थी। इसी तरह रोहित की यह पारी IPL इतिहास के प्लेऑफ में MI की ओर से खेली गई सबसे बड़ी पारी भी बन गई है।

उपलब्धियां 

रोहित ने हासिल की ये उपलब्धियां 

रोहित ने अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ते ही IPL करियर में अपने 300 (अब 302) छक्के पूरे कर लिए। वह इस लीग में दूसरे सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने 141 पारियों में 357 छक्के जड़े हैं। इसी तरह रोहित ने पारी का 43वां रन बनाते ही IPL में अपने 7,000 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले केवल दूसरे बल्लेबाज बने हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से रहा मुकाबला 

MI को रोहित शर्मा (81) और जॉनी बेयरस्टो (47) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (33), तिलक वर्मा (25) और हार्दिक पांड्या (22*) ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में GT ने शुभमन गिल (1) का विकेट पहले ओवर में ही खो दिया। इसके बाद साई सुदर्शन (80) और वाशिंगटन सुंदर (48) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।