Page Loader
GT बनाम MI: रोहित शर्मा ने IPL में पूरे किए 7,000 रन, 300 छक्के भी जड़े 
रोहित शर्मा ने IPL में पूरे किए 7,000 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

GT बनाम MI: रोहित शर्मा ने IPL में पूरे किए 7,000 रन, 300 छक्के भी जड़े 

May 30, 2025
08:23 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, उन्होंने अपने IPL करियर में 7,000 रन पूरे किए हैं। वह लीग में इस आंकड़े को छूने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने अपने IPL करियर के 300 छक्के भी पूरे किए। आइए IPL के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आंकड़े

7,000 रन पूरे करने वाले कोहली के बाद दूसरे बल्लेबाज बने रोहित 

रोहित अब IPL में 7,000 रन का आंकड़ा छूने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे बल्लेबाज बने। बता दें कि कोहली 8,000 से ज्यादा IPL रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। रोहित ने अपने IPL करियर में 271 मैचों की 266 पारियों में लगभग 30 की औसत से 7,000 रन पूरे किए हैं। इस बीच उन्होंने 109* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 शतक भी लगाए हैं।

प्रदर्शन 

रोहित ने पूरे किए 300 छक्के 

रोहित ने इस दौरान पारी में अपने 300 छक्के भी पूरे किए। वह IPL में 300 छक्के लगाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ पूर्व दिग्गज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 141 पारियों में 357 छक्के लगाए थे। इस सूची में कोहली तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 291 छक्के लगाए हैं। CSK के महेंद्र सिंह धोनी ने 264 छक्के अपने नाम किए हैं।

टी-20

बेमिसाल रहा है रोहित का टी-20 करियर 

रोहित टी-20 क्रिकेट करियर में 12,000 से अधिक रन बना चुके हैं। उन्होंने अब तक 462 मैचों की 452 पारियों में 12.,200 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच वह 8 शतक और 82 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं। वह खेल के इस प्रारूप में कोहली के बाद दूसरे सर्वाधिक रन वाले भारतीय हैं। बता दें कि कोहली ने 13,500 रन बनाए हुए हैं।