LOADING...
IPL 2025, CSK बनाम SRH: महेंद्र सिंह धोनी 400वां टी-20 मुकाबला खेलने उतरे, जानिए उनके आंकड़े 
महेंद्र सिंह धोनी 400वां मैच खेलने उतरे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025, CSK बनाम SRH: महेंद्र सिंह धोनी 400वां टी-20 मुकाबला खेलने उतरे, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 25, 2025
07:40 pm

क्या है खबर?

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी शानदार क्रिकेट यात्रा में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल कर लिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच में धोनी ने टी-20 क्रिकेट में अपनी 400वीं उपस्थिति दर्ज की। धोनी 400 टी-20 मुकाबले खेलने वाले सिर्फ चौथे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। ऐसे में आइए उनके सफर और शानदार रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।

सफर

धोनी के अलावा इन भारतीय खिलाड़ियों ने खेले हैं 400 से ज्यादा मुकाबले 

धोनी के अलावा इस विशेष सूची में रोहित शर्मा (456 मैच), दिनेश कार्तिक (412 मैच), और विराट कोहली (408 मैच) शामिल हैं। यह मील का पत्थर धोनी की टी-20 क्रिकेट में सफलता को और मजबूती से स्थापित करता है। रोचक बात यह है कि धोनी यह 326वां मैच कप्तान के रूप में खेल रहे हैं। किसी भी अन्य खिलाड़ी ने टी-20 क्रिकेट में 230 मैचों से अधिक में कप्तानी नहीं की है।

टी-20

धोनी के टी-20 आंकड़ों पर एक नजर 

धोनी ने अपने 400वें टी-20 मैच से पहले 7,566 रन बनाए हैं। उनकी औसत 38.02 और स्ट्राइक रेट 135.90 की रही है। अब तक इस खिलाड़ी ने 28 अर्धशतक बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* रन रहा है। इसके अलावा विकेटकीपर के रूप में धोनी ने 227 कैच और 91 स्टंपिंग की हैं। टी-20 में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में उनके नाम 7,294 रन हैं, जो किसी भी खिलाड़ी के लिए चौथे सबसे अधिक रन हैं।

IPL 

IPL में धोनी के आंकड़े 

धोनी जो IPL इतिहास के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह अब तक 273 मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 5,377 रन बनाए हैं और उनकी औसत 38.96 और स्ट्राइक रेट 137.87 की रही है। इस अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज के नाम 24 IPL अर्धशतक हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 84* रन है। धोनी IPL में 373 चौके और 260 छक्के भी जड़ चुके हैं। उनके नाम 155 कैच और 46 स्टंपिंग भी हैं।

भारत

भारत के लिए कैसे रहे हैं धोनी के आंकड़े?

धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने 37.6 की औसत से 1,617 रन बनाए थे। उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। धोनी की कप्तानी में ही भारत ने साल 2007 में पहली बार टी-20 विश्व कप अपने नाम किया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी IPL में लगातार खेलते रहे।