Page Loader
IPL 2024 से कुछ दिन और बाहर रहेंगे सूर्यकुमार यादव, अभी नहीं हुए फिट- रिपोर्ट 
सूर्युकमार यादव आने वाले कुछ मैच और नहीं खेलेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024 से कुछ दिन और बाहर रहेंगे सूर्यकुमार यादव, अभी नहीं हुए फिट- रिपोर्ट 

Mar 28, 2024
04:59 pm

क्या है खबर?

मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अपनी चोट (स्पोर्ट्स हर्निया) से अभी उबर नहीं पाए हैं और अभी कुछ दिन और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 से बाहर रहेंगे। ऐसा माना जा रहा था कि वह MI के पहले 2 मैच के बाद फिट हो जाएंगे और टीम के साथ होंगे, लेकिन ऐसा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। वह अभी नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) की निगरानी में रहेंगे। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

बयान

BCCI अधिकारी ने क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने TOI को बताया कि सूर्यकुमार तेजी से रिकवर कर रहे हैं। वह जल्द से जल्द क्रिकेट के मैदान पर नजर आएंगे। हालांकि, वह अभी आने वाले कुछ मैचों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। बोर्ड आने वाले टी-20 विश्व कप को देखते हुए सूर्या को लेकर कोई गलत कदम नहीं उठाना चाहता है। ऐसे में वह पूरी तरह से फिट होने के बाद ही मैदान पर उतरेंगे।

सर्जरी

सर्जरी के लिए जर्मनी गए थे सूर्यकुमार 

कुछ दिन पहले BCCI के सूत्र ने बताया था कि सूर्यकुमार स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के लिए जर्मनी गए थे। हाल ही में इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर ट्रेनिंग करते हुए कुछ वीडियो भी शेयर किए थे। हालांकि, बल्लेबाजी करते हुए उनके कोई भी फोटो या वीडियो सामने नहीं आया था। वह पिछले कई दिनों से NCA में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे थे और अभी तक भी MI के दल का हिस्सा नहीं बने हैं।

हार

IPL 2024 में निराशाजनक रही है MI की शुरुआत 

IPL 2024 में MI की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। टीम के नए कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी में फ्रेंचाइजी अपने पहले 2 मैच हार चुकी है। बता दें कि रोहित शर्मा को कप्तान के पद से हटा दिया गया था। इस कारण हार्दिक को मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक काफी ट्रोल किया जा रहा है। सूर्यकुमार ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिल टूटने वाला इमोजी लगाया था।

करियर

कैसा रहा है सूर्यकुमार का IPL करियर?

सूर्यकुमार ने IPL में अब तक 139 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 32.17 की औसत से 3,249 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 143.32 की रही है। उन्होंने इस लीग में 21 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। IPL 2023 में इस खिलाड़ी ने 16 मैच खेले थे। इस दौरान 181.14 की स्ट्राइक रेट से उन्होंने 605 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और 1 शतक निकला था।