Page Loader
IPL 2024: रिटेंशन के बाद कुछ ऐसी है राजस्थान रॉयल्स की टीम, जानिए इसका इतिहास 
RR ने 2008 में IPL ट्रॉफी जीती थी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: रिटेंशन के बाद कुछ ऐसी है राजस्थान रॉयल्स की टीम, जानिए इसका इतिहास 

Nov 26, 2023
05:24 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के लिए रिटेंशन की समय सीमा रविवार को खत्म हो गई। समय सीमा खत्म होने के साथ ही सभी फ्रेंचाइजियों ने अपने बाहर किए गए और बरकरार रखे खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी। राजस्थान रॉयल्स (RR) ने स्टार ऑलराउंडर जेसन होल्डर और जो रूट को बाहर किया है। इनके समेत फ्रेंचाइजी ने 9 खिलाड़ियों को निकाला है। आइए रिटेंशन के बाद RR की पूरी टीम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

रिटेंशन के बाद ऐसा है RR का पूरा दल 

RR के बारे में कहा जाता है कि उसके पास क्षमता तो काफी है, लेकिन उसका पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाती है। RR का पूरा दल: संजू सैमसन (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, कुणाल सिंह राठौड़, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, जोस बटलर, ध्रुव जुरेल, ट्रेंट बोल्ट, युजवेंद्र चहल, नवदीप सैनी, एडम जैम्पा, संदीप शर्मा, आवेश खान (ट्रेड स्वेप)। रिलीज खिलाड़ी: रूट, अब्दुल समद, होल्डर, आकाश वशिष्ठ, कुलदीप सेन, ओबेद मैकॉय, मुरुगन अश्विन, केसी करिअप्पा, केएम आसिफ।

रिपोर्ट

RR ने जीता था लीग का पहला खिताब 

RR ने लीग का पहला ही खिताब जीतकर धमाकेदार शुरुआत की थी। शेन वॉर्न की कप्तानी वाली टीम ने क्रिकेट पंडितों को हैरान कर दिया था। IPL 2022 में टीम फाइनल तक पहुंची थी जहां उसे गुजरात टाइटंस (GT) के हाथों हार मिली थी। 2013 में टीम तीसरे स्थान पर रही थी। संजू सैमसन की कप्तानी में टीम अच्छा कर रही है और अगले सीजन में भी एक मजूबत दावेदार के रूप में मैदान में उतरेगी।

रिपोर्ट

जो रूट को रिलीज करने की वजह

रूट इंग्लैंड के सबसे प्रतिष्ठित बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। पहले वह 2018 की IPL नीलामी में नहीं बिके थे। IPL 2023 में उन्हें RR ने 1 करोड़ रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा था। हालांकि, उनका प्रदर्शन ऐसा नहीं था जिसके चलते उन्हें बरकरार रखा जाता। उन्होंने पिछले संस्करण में 3 मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 10.00 की औसत और 66.67 की स्ट्राइक रेट से केवल 10 रन बनाए थे।

रिपोर्ट

होल्डर ने बुरी तरह से किया था निराश

होल्डर को इस भारतीय लीग में खेलने के लंबा अनुभव है, लेकिन हाल के वर्षों में वह बल्ले और गेंद से खास असर नहीं छोड़ पाए हैं। उन्होंने पिछले संस्करण में 8 मैचों में 6.00 की औसत से केवल 12 रन बनाए थे। गेंदबाजी में उन्होंने 9.96 की इकॉनमी रेट से केवल 4 विकेट लिए थे। 6 फीट और 7 इंच लंबे इस खिलाड़ी ने 2013 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के साथ अपनी यात्रा शुरू की थी।