
IPL 2024: विराट कोहली का GT के खिलाफ दमदार रहा है प्रदर्शन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 52वें मुकाबले में शनिवार (4 मई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा।
यह मुकाबला RCB के घरेलू मैदान यानी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मैच में सबकी निगाहें विराट कोहली पर होगी, क्योंकि उनका GT के खिलाफ प्रदर्शन दमदार रहा है और वह फिर से बड़ी पारी खेलने को आतुर होंगे।
आइए कोहली के IPL में GT के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कोहली ने GT के खिलाफ 151 की औसत से बनाए हैं रन
कोहली को GT के खिलाफ बल्लेबाजी करना खास पसंद है। वह GT के खिलाफ 4 मैच में 151 की औसत और 142.45 की स्ट्राइक रेट से 302 रन बना चुके हैं।
इसमें एक शतक के अलावा 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है।
विशेष रूप से कोहली ने अपने चारों मैचों में GT के खिलाफ बड़ी पारी खेली है। ऐसे में उम्मीद है कि इस मैच में भी वह कमाल कर सकते हैं।
प्रदर्शन
GT के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ कोहली का प्रदर्शन?
कोहली ने GT के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा का 11 IPL मुकाबले में सामना किया है, जिसमें वह एक बार भी आउट नहीं हुए हैं।
कोहली उनके खिलाफ 57 गेंदों में 76 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उमेश यादव के खिलाफ उन्होंने 14 पारियों में 96 गेंदों में 168 रन बनाए हैं और 3 बार आउट हुए हैं।
राशिद खान के खिलाफ उन्होंने 8 पारी में 69 गेंदों में 86 रन बनाए और 2 बार उनका शिकार बने हैं।
करियर
कैसा रहा है कोहली का IPL करियर?
कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 247 मैच की 239 पारियों में 38.43 की औसत और 131.02 की स्ट्राइक रेट के साथ 7,763 रन बना चुके हैं।
इसमें 8 शतक और 54 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन का रहा है।
वह 37 बार नाबाद भी रहे हैं। उन्होंने 144 IPL मैचों में कप्तानी करते हुए 68 में जीत हासिल की है।