Page Loader
IPL 2024: संजू सैमसन का मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार रहा है संजू सैमसन का प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: संजू सैमसन का मुंबई इंडियंस के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Apr 21, 2024
05:10 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 38वें मैच में सोमवार (22 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। यह मैच RR के घरेलू मैदान जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें RR के समर्थक कप्तान संजू सैमसन से बेहतर पारी की उम्मीद करेंगे। इसी तरह सैमसन भी धमाकेदार पारी खेलकर टीम को मजबूती देना चाहेंगे। इस बीच आइए सैमसन के IPL में MI के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

MI के खिलाफ कैसा रहा है सैमसन का प्रदर्शन? 

वैसे तो सैमसन का लगभग सभी टीमों के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन रहा है और MI के खिलाफ भी उनके आंकड़े शानदार रहे हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक खेले 22 मैचों में 26.81 की औसत और 141.10 की स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए हैं। वह इस टीम के खिलाफ 76 के उच्चतम स्कोर के साथ 6 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। उन्होंने विकेट के पीछे भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए 4 शिकार किए हैं।

आंकड़े

MI के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ कैसी रही है सैमसन की बल्लेबाजी?

सैमसन का MI के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से 12 IPL मुकाबलों में सामना हुआ है, जिसमें वह 2 बार आउट हुए हैं। सैमसन ने उनके खिलाफ 54 गेंदों में 53 रन बनाए हैं। हार्दिक पांड्या के खिलाफ उन्होंने 8 पारी में 34 गेंदों में 60 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं। आकाश मधवाल के खिलाफ सैमसन ने केवल 1 पारी में उनका सामना किया है और पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया।

करियर

कैसा रहा है सैमसन का IPL करियर?

सैमसन ने साल 2013 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 159 मैच की 155 पारियों में 30.17 की औसत और 138.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,164 रन बना चुके हैं। इसमें 3 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119 रन का रहा है। उन्होंने 52 मैचों में कप्तानी करते हुए 28 में जीत दर्ज की, जबकि 24 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।