Page Loader
IPL 2023 में बड़े बदलाव, बुमराह की जगह संदीप और पंत की जगह अभिषेक को मौका
जसप्रीत बुमराह मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेलेंगे (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023 में बड़े बदलाव, बुमराह की जगह संदीप और पंत की जगह अभिषेक को मौका

Mar 31, 2023
05:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस (MI) को लीग का 16वां संस्करण शुरू होने से पहले झटका लगा था। जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बाहर हो गए थे। पीठ की चोट के कारण वह लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं और उनकी रिकवरी में काफी वक्त लगने वाला है। MI ने उनकी जगह संदीप वॉरियर को मौका दिया है। इसी तरह दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने ऋषभ पंत की जगह अभिषेक पोरेल को मौका दिया है।

आंकड़े

कैसा रहा है संदीप का करियर?

संदीप ने IPL में 5 मैच खेले हैं और 7.88 की इकॉनमी से 2 विकेट लिए हैं। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2021 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी डेब्यू किया था। उस मुकाबले में इस खिलाड़ी को एक भी विकेट नहीं मिला था। इसके बाद वह कभी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बने। संदीप कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए IPL खेल चुके हैं। वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं।

मौका

कौन है अभिषेक पोरेल जिन्हें पंत की जगह मिला मौका?

अभिषेक पोरेल बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में काफी प्रभावित किया है। वह अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 16 मैच खेले हैं और 30.21 की औसत से 695 रन बना चुके हैं। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 3 मैच खेले हैं और 54.00 की औसत से 54 रन बनाए हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 3 मुकाबले में 22 रन बनाए हैं।

WTC

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से भी बाहर हो सकते हैं बुमराह 

बुमराह चोट के बाद पिछले साल नवंबर से रिहैब करना शुरू कर किया था और दिसंबर के मध्य तक उन्होंने गेंदबाजी भी शुरू कर दी थी। उनकी प्रगति सकारात्मक देख चयनकर्ताओं ने उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम में चुना था। हालांकि, यहां भी बुमराह के हाथ निराशा लगी और वह नहीं खेल पाए। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है। इस मैच से भी वह बाहर हो सकते हैं।

पंत

पंत की कब होगी वापसी?

पंत शायद 2024 के टी-20 विश्व कप तक खेलने योग्य स्थिति में आ सकते हैं। पंत आने वाले वक्त में कई बड़े टूर्नामेंट नहीं खेल पाएंगे। इनमें IPL 2023 (मार्च-मई), WTC 2023 (जून), एशिया कप वनडे टूर्नामेंट 2023 (सितंबर), वनडे विश्व कप 2023 (अक्टूबर-नवंबर), टी-20 विश्व कप 2024 (जून) शामिल हैं। पंत पिछले साल दिसंबर में बड़े सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। इसके बाद DC ने IPL 2023 के लिए डेविड वार्नर को अपना कप्तान बनाया था।