LOADING...
IPL 2023: चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स पर हुई करोड़ों की बारिश, जानिए किसे क्या मिला 
चेन्नई सुपर किंग्स 5वीं बार चैंपियन बनी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स पर हुई करोड़ों की बारिश, जानिए किसे क्या मिला 

May 30, 2023
03:03 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 का समापन हो गया है। 31 मार्च से शुरू हुई दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में कई शानदार मैच देखने को मिले। फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही CSK और GT सहित अन्य टीमों पर करोड़ों रुपयों की बारिश भी हुई। आइए जानते हैं कि किस टीम और किन खिलाड़ियों को क्या क्या मिला।

चैंपियन

किस टीम को कितनी इनामी राशि मिली?

IPL 2023 का खिताब जीतने वाली CSK को 20 करोड़ रुपये मिले और सीजन की उपविजेता रही GT को 12.50 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। तीसरे स्थान पर रही मुंबई इंडियंस (MI) को 7 करोड़ और चौथे स्थान पर रही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6.50 करोड़ रुपये मिले। MI को क्वालीफायर-2 में GT ने हराया था और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। LSG की टीम MI से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी।

ऑरेंज कैप

ऑरेंज कैप जीतने वाले शुभमन गिल को क्या मिला?

इस सीजन अपनी शानदार बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले शुभमन गिल ने ऑरेंज कैप अपने नाम किया। वह IPL 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्हें इस कमाल प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। इस सीजन शुभमन ने 3 शानदार शतक जड़े। उन्होंने 59.33 की औसत के साथ 890 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्हें 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' भी चुना गया। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये इनामी राशि मिली।

Advertisement

पर्पल कैप

पर्पल कैप जीतने वाले मोहम्मद शमी को क्या मिला?

इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज GT के मोहम्मद शमी रहे। उन्होंने 17 मैच में 28 विकेट झटके। उन्हें इस कमाल के प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। इस खिलाड़ी ने इस सीजन पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट झटके हैं। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी टीमों को पूरे सीजन परेशान किया। मोहित शर्मा और राशिद खान विकेट (27-27) लेने के मामले में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

Advertisement

अवार्ड

'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' बने यशस्वी जायसवाल को मिले 10 लाख रुपये 

IPL में इस सीजन इमर्जिंग प्लेयर रहे यशस्वी जायसवाल को 10 लाख रुपये मिले। उन्होंने इस सीजन कमाल का प्रदर्शन किया था। 14 मुकाबलों में यशस्वी ने 48.08 की औसत और 163.61 की स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने 82 चौके और 26 छक्के भी जमाए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में भी चुना गया है।

मालामाल

ये खिलाड़ी भी हुए मालामाल 

राशिद को 'कैच ऑफ द सीजन' का अवार्ड दिया गया। उन्होंने काइल मेयर्स का शानदार कैच लपका था। उन्हें 10 लाख रुपये मिले। सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले शुभमन को 10 लाख रुपये मिले। फाफ डु प्लेसिस ने सबसे लंबा 115 मीटर का छक्का लगाया, उन्हें भी 10 लाख रुपये मिले। शुभमन को 'गेम चेंजर ऑफ द सीजन' के लिए 10 लाख रुपये मिले। ग्लेन मैक्सवेल को 'स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' के अवार्ड के साथ 10 लाख रुपये मिले।

Advertisement