Page Loader
IPL 2023: नूर अहमद ने MI के खिलाफ झटके 3 विकेट, जानिए आंकड़े 
नूर अहमद ने MI के खिलाफ झटके 3 विकेट (तस्वीर:ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: नूर अहमद ने MI के खिलाफ झटके 3 विकेट, जानिए आंकड़े 

Apr 25, 2023
11:17 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 35वें मैच में गुजरात टाइटंस के स्पिनर नूर अहमद ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच में 3 विकेट हासिल किए हैं। इस लीग में अपना तीसरा मैच खेल रहे नूर ने आज अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया है। 18 वर्षीय इस युवा गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। उनके प्रदर्शन और IPL के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

ऐसी रही नूर की गेंदबाजी 

चाइनामैन गेंदबाज ने कैमरून ग्रीन के रूप में अपना पहला विकेट चटकाया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उनकी गेंद पर बोल्ड हो गए। उसी ओवर के दौरान उन्होंने टिम डेविड को पवेलियन की राह दिखाई। नूर ने अपना तीसरा विकेट सूर्यकुमार यादव के रूप में लिया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 37 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उनके हमवतन राशिद खान के खाते में आज 2 विकेट (2/27) आए।

मौजूदा सीजन 

IPL 2023 में नूर का प्रदर्शन?

IPL 2023 में नूर ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ इस लीग में अपना डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 29 रन देते हुए 1 विकेट लिया था। इसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 2 विकेट झटके थे। आज के मैच में 3 विकेट लेकर उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर लिया है। मौजूदा सीजन में उनके अब 3 मैचों में 8.40 की इकॉनमी रेट से 6 विकेट हो गए हैं।

खास जानकारी 

अब तक 1 वनडे और 1 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेल चुके हैं नूर 

नूर अब तक अफगानिस्तान की जर्सी में 1 वनडे (बनाम श्रीलंका) और 1 टी-20 अंतरराष्ट्रीय (बनाम जिम्बाब्वे) मैच खेल चुके हैं। उन्होंने इकलौते टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 4 विकेट लिए हुए हैं। उन्हें 2020 में खेले गए अंडर-19 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान की 15 सदस्यीय टीम में नामित किया गया था। उन्होंने ​दक्षिण अफ्रीका में हुए उस विश्व कप में नूर ने 3.39 की प्रभावशाली इकॉनमी रेट से 5 मैचों में 7 विकेट लिए थे।