LOADING...
CSK बनाम RR: महेंद्र सिंह धोनी रचेंगे इतिहास, चेन्नई के लिए 200वें मैच में करेंगे कप्तानी 
महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए IPL के 200वें मैच में कप्तानी करेंगे (तस्वीर: ट्विटर/@CricCrazyJohns)

CSK बनाम RR: महेंद्र सिंह धोनी रचेंगे इतिहास, चेन्नई के लिए 200वें मैच में करेंगे कप्तानी 

Apr 12, 2023
04:02 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। वह CSK के लिए IPL में कप्तान के तौर पर 200वां मैच खेलेंगे। IPL के इतिहास में किसी एक टीम के लिए इतने मैचों में किसी भी खिलाड़ी ने कप्तानी नहीं की है। ऐसे में आइए उनके आंकड़ो पर एक नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

चेन्नई के लिए कप्तान के तौर पर कैसा रहा है धोनी का रिकॉर्ड?

धोनी ने CSK के लिए 199 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान उन्हें 120 मैच में जीत और 78 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। 1 मैच का कोई परिणाम नहीं निकल पाया है। उन्होंने अपनी कप्तानी में CSK को 4 बार चैंपियन बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने 9 बार टीम को IPL के फाइनल में भी पहुंचाया है। धोनी की कप्तानी में फ्रेंचाइजी साल 2010, 2011, 2018 और 2021 में IPL की ट्रॉफी जीत चुकी है।

आंकड़े

IPL में कप्तान के रूप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

धोनी IPL में CSK और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के कप्तान रहे हैं। कप्तान के तौर पर उन्होंने 213 मैच में 40.19 की औसत से 4,582 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 137.06 की रही है। उन्होंने 22 अर्धशतक जमाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन है। कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली (4,881) के नाम है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए 140 मैचों में कप्तानी की है।

Advertisement

कप्तान

बल्लेबाज के तौर पर CSK के लिए कैसा रहा है धोनी का प्रदर्शन?

CSK के लिए धोनी रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 231 मैच में 39.03 की औसत से 4,979 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 137.43 की रही है। उन्होंने 23 अर्धशतक जमाए हैं। वह 79 बार नॉटआउट भी रहे हैं। CSK के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है। उन्होंने 200 मैच में 33.10 की औसत से 5,529 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 138.91 का रहा है।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है धोनी का IPL करियर?

धोनी का IPL करियर कमाल का रहा है। उन्होंने अब तक 236 मैच खेले हैं, जिसकी 208 पारियों में 39.09 की शानदार औसत और 135.53 की स्ट्राइक रेट से 5,004 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा है और उन्होंने 24 अर्धशतक जमाए हैं। वह इस लीग में 80 बार नाबाद रहते हुए अब तक 347 चौके और 232 छक्के भी जमा चुके हैं। वह IPL में सातवें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Advertisement