Page Loader
IPL 2023: LSG के खिलाफ MI के शीर्ष बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा है खराब, जानिए आंकड़े 
रोहित शर्मा ने LSG के खिलाफ एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: LSG के खिलाफ MI के शीर्ष बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा है खराब, जानिए आंकड़े 

May 23, 2023
03:44 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के लीग मुकाबले खत्म हो चुके हैं। पहले एलिमिनेटर में बुधवार को मुंबई इंडियंस (MI) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। जो टीम यह मुकाबला हारी वह लीग से बाहर हो जाएगी। LSG के खिलाफ MI का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। उनके शीर्ष बल्लेबाज भी कमाल नहीं कर पाए हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

LSG के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापस लौटे MI के कप्तान रोहित शर्मा LSG के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। उन्होंने LSG के खिलाफ 3 मुकाबले में 63 गेंदों का सामना किया है और 82 रन बनाए हैं। उनका औसत 27.33 का रहा है। उन्होंने 130.15 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 39 रन है। रोहित ने LSG के खिलाफ 7 चौके और 4 छक्के लगाए हैं।

आंकड़े

LSG के खिलाफ ईशान ने सिर्फ 105.26 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं रन 

IPL 2023 में अब तक 14 मैच में 143.46 की स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाने वाले ईशान किशन का प्रदर्शन भी LSG के खिलाफ कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने 3 मुकाबलों में 105.26 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। इस दौरान उन्होंने 76 गेंदों का सामना किया है और 80 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 अर्धशतक जमाया है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 59 रन रहा है। उन्होंने LSG के खिलाफ 10 चौके और 1 छक्का लगाया है।

रन

सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए 

IPL 2023 में सूर्यकुमार यादव शानदार लय में नजर आए हैं। उन्होंने 14 मैच में 185.14 की स्ट्राइक रेट और 42.58 की औसत से 511 रन बनाए हैं। LSG के खिलाफ सूर्यकुमार का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है। उन्होंने 3 मुकाबलों में सिर्फ 17.00 की औसत से 51 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 118.60 की रही है। वह LSG के खिलाफ एक भी छक्का नहीं लगा पाए हैं।

जीत

LSG को एक बार भी नहीं हरा पाई है MI 

IPL में दोनों टीमें 3 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से सभी मैचों में LSG ने जीत हासिल की है। IPL 2023 की पिछली भिड़ंत में LSG ने 5 रन से जीत हासिल की थी। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए उस मैच में जीत के लिए मिले 177 रनों के लक्ष्य को MI हासिल नहीं कर पाई थी। दोनों टीमों के बीच होने वाला एलिमिनेटर मैच 24 मई को एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई) में खेला जाएगा।