Page Loader
KKR बनाम CSK: जेसन रॉय ने 19 गेंद में जमाया ताबड़तोड़ अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
जेसन रॉय ने 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

KKR बनाम CSK: जेसन रॉय ने 19 गेंद में जमाया ताबड़तोड़ अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 23, 2023
11:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 33वें मैच में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाज जेसन रॉय ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार अर्धशतक जमा दिया। यह उनके IPL करियर का तीसरा अर्धशतक रहा और इसे उन्होंने 19 गेंद में पूरा किया। IPL 2023 में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पूर्व अजिंक्य रहाणे ने भी इतनी ही गेंदों में अर्धशतक जमाया था। आइए जेसन की पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

रिपोर्ट

ऐसी रही जेसन की पारी और साझेदारी 

शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने बाद बल्लेबाजी करने उतरे जेसन ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्होंने पारी में 234.62 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद में शानदार 61 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के जमाए। जेसन ने पांचवें विकेट के लिए साथी खिलाड़ी रिंकू सिंह के साथ मिलकर 37 गेंद में 65 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को मजबूत किया।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है जेसन का IPL करियर 

32 साल के जेसन ने IPL में 2017 से लेकर 2023 तक अब तक 15 मैच खेले हैं। 15 पारियों में उन्होंने 33.31 की औसत और 135.31 की स्ट्राइक रेट के साथ 433 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 91 रन का है। वह लीग में अब तक 49 चौके और 15 छक्के जमा चुके हैं। जेसन ने अपने IPL करियर का आगाज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से KKR के खिलाफ किया था।

रिपोर्ट

CSK ने KKR को 49 रन के बड़े अंतर से हराया 

CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। टीम के लिए रहाणे ने सबसे अधिक 71 रन बनाए। इसके अलावा डेवोन कॉनवे ने 56 और शिवम दुबे ने 50 रन बनाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 186 रन ही बना सकी और 49 रन से मैच हार गई। KKR के लिए जेसन रॉय ने 26 गेंदों में 61 रन की पारी खेली।