IPL 2022: 'मैन ऑफ द टूर्नामेंट' से लेकर 'इमर्जिंग प्लेयर' तक, जानिए किसे मिले अवार्ड

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के फाइनल मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को सात विकेट से हराते हुए खिताब पर अपना कब्जा जमा लिया है। इस सीजन में अपनी गति से प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक को 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' चुना गया। वहीं ज्यादार अवार्ड जोस बटलर के नाम रहे। आइए जानते हैं इस सीजन किस खिलाड़ी ने कौन सा अवार्ड हासिल किया है।
राजस्थान के जोस बटलर ने इस सीजन सबसे अधिक रन बनाकर MVP बने। 'ऑरेंज कैप' जीतने वाले बटलर ने 17 मैचों में 57.53 की औसत और 149 की स्ट्राइक-रेट के साथ 863 रन बनाए। उन्होंने इस सीजन सबसे अधिक चार शतक भी लगाए। बटलर के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने दूसरे सर्वाधिक रन बनाए। राहुल ने 15 मैचों में 51.33 की औसत के साथ 616 रन बनाए, जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल रहे।
बटलर IPL के इतिहास में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट (MVP) चुने जाने वाले नौवें विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। KKR के आंद्रे रसेल व सुनील नरेन और RR के पूर्व खिलाड़ी शेन वॉटसन ने दो-दो मौकों पर ये खिताब जीता है।
SRH के गेंदबाज उमरान मलिक 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन' बने। उमरान ने IPL 2022 में 17 मैचों में 22.50 की औसत से 24 विकेट लिए। वह चौथे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मुकाबले में चार ओवर में 25 रन खर्च करते हुए पांच विकेट हासिल किए। मलिक की धारदार गेंदबाजी का आलम ऐसा रहा कि उन्होंने पांच में से चार विकेट क्लीन बोल्ड के रूप में लिए।
युजवेंद्र चहल ने IPL सीजन का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और मौजूदा सीजन में 19.51 की औसत से 27 विकेट अपने नाम किए। इस बीच उनका इकॉनमी रेट 7.75 रहा है।IPL 2022 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर पांच विकेट लेना रहा। चहल लीग इतिहास में पर्पल कैप जीतने वाले सिर्फ तीसरे स्पिन गेंदबाज बने हैं। बता दें उनसे पहले प्रज्ञान ओझा (2010) और इमरान ताहिर (2019) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
'प्लेयर ऑफ द मैच' बने गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपने चार ओवर्स में केवल 17 रन देते हुए तीन विकेट लिए। यह IPL फाइनल में किसी कप्तान द्वारा की गई दूसरी सबसे बेहतरीन गेंदबाजी है। बल्लेबाजी में हार्दिक ने 30 गेंदों में 34 रन बनाए। वह IPL फाइनल में 30 या उससे अधिक रन बनाने और तीन विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले 2008 में युसुफ पठान ने ऐसा किया था।
पावर प्लेयर ऑफ द सीजन: जोस बटलर। सबसे अधिक छक्के: जोस बटलर (45 छक्के)। सबसे अधिक चौके: जोस बटलर (83 चौके) . गेम चेंजर ऑफ द सीजन: जोस बटलर (863 रन)। सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन: दिनेश कार्तिक (183.33 का स्ट्राइक-रेट) फास्टेस्ट डिलीवरी ऑफ द सीजन: लॉकी फर्ग्यूसन (157.3 किमी/घंटा) . कैच ऑफ द सीजन: एविन लुईस (डाइव लगाते हुए एक हाथ से रिंकू सिंह का कैच लपका था) फेयरप्ले अवार्ड: राजस्थान रॉयल्स।
दिनेश कार्तिक IPL में 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' अवार्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं। उन्होंने IPL 2022 में 183.33 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए हैं।