Page Loader
GT बनाम MI: रोमांचक मुकाबले में मुंबई को मिली जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
शुभमन गिल ने जड़ा अर्धशतक। (तस्वीर- Twitter/@IPL)

GT बनाम MI: रोमांचक मुकाबले में मुंबई को मिली जीत, ये बने रिकॉर्ड्स

May 06, 2022
11:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में आज मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटंस (GT) को पांच रनों से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। MI ने पहले खेलते हुए ईशान किशन (45), रोहित शर्मा (43) और टिम डेविड (44*) की शानदार पारियों की मदद से 177/6 का स्कोर बनाया। जवाब में GT रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल के अर्धशतकों के बावजूद 172/5 का स्कोर ही बना सकी। आइये मैच में बने रिकार्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

ईशान और रोहित की सलामी जोड़ी ने 74 रन जोड़े। मिडिल ओवर्स में MI ने धीमी बल्लेबाजी की और अपने विकेट भी खोए। हालांकि, अंतिम ओवरों में डेविड ने 21 गेंदों में दो चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 44 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में गिल और साहा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। GT को आखिरी ओवर में नौ रनों की दरकार थी। डेनियल सैम्स ने सिर्फ तीन रन देकर टीम को जीत दिलाई।

पावरप्ले

रोहित और ईशान ने पावरप्ले में जोड़े 63 रन

रोहित और ईशान ने पावरप्ले में 63 रन जोड़े और यह मौजूदा सीजन में MI के लिए शुरुआती छह ओवरों के बाद सर्वाधिक स्कोर रहा। रोहित ने 28 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। उनके अब 5,809 रन हो गए हैं और रनों के मामले में रोहित ने डेविड वॉर्नर (5,805) को पीछे छोड़ा है। दूसरी तरफ ईशान ने 29 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए।

साहा

साहा ने लगाया 10वां अर्धशतक

गुजरात के लिए पारी की शुरुआत करने आए रिद्धिमान साहा ने पावरप्ले में आकर्षक शॉट लगाए और 34 गेंदों में अपने IPL करियर का 10वां अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में उनका दूसरा अर्धशतक है। साहा ने 40 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। इस बीच उन्होंने रनों के मामले में मयंक अग्रवाल (2,292) को पीछे छोड़ दिया है। साहा के अब 2,319 रन हो गए हैं।

गिल

गिल ने ठोका सीजन का तीसरा अर्धशतक

गिल ने अपने IPL करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। यह मौजूदा सीजन में उनका तीसरा अर्धशतक है। गिल ने साहा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने 36 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। मौजूदा सीजन में गिल के 11 मैचों के बाद लगभग 30 की औसत से 321 रन हो गए हैं।

राशिद खान

विकेटों के मामले में जहीर से आगे निकले राशिद

GT के लिए राशिद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवरों में 24 रन देकर दो विकेट लिए। आज के मुकाबले में राशिद ने रोहित और कीरोन पोलार्ड के विकेट झटके। अपना 87वां मैच खेल रहे राशिद ने अब तक 104 विकेट ले लिए हैं और उन्होंने विकेटों के मामले में जहीर खान (102) को पीछे छोड़ दिया है। मौजूदा सीजन में राशिद ने अब तक 11 विकेट ले लिए हैं।