Page Loader
DC बनाम PBKS: वार्नर के अर्धशतक से दिल्ली ने दर्ज की बड़ी जीत, बने ये रिकार्ड्स
खलील ने झटके दो विकेट (तस्वीर- Twitter/@IPL)

DC बनाम PBKS: वार्नर के अर्धशतक से दिल्ली ने दर्ज की बड़ी जीत, बने ये रिकार्ड्स

Apr 20, 2022
10:24 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 32वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को नौ विकेटों से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। ब्रेबोर्न स्टेडियम में पंजाब के बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 115 पर ही सिमट गई। दिल्ली से खलील अहमद, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और ललित यादव ने दो-दो विकेट चटकाए। छोटे से लक्ष्य को दिल्ली ने 10.3 ओवरों में हासिल किया। मैच में बने रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

आसानी से जीती दिल्ली

पंजाब ने पॉवरप्ले के बाद 47 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिए। खराब शुरुआत के बाद पंजाब के मध्यक्रम ने भी निराश किया और निरंतर विकेट गंवाए। पंजाब से जितेश शर्मा 23 गेंदों में 32 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। जवाब में पृथ्वी शॉ (41) और डेविड वार्नर की सलामी जोड़ी ने पॉवरप्ले में ही 81 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिला दी और लक्ष्य को आसानी से हासिल किया।

वार्नर

वार्नर ने लगाया लगातार तीसरा अर्धशतक

अनुभवी बल्लेबाज वार्नर ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता सिद्ध की और लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने IPL करियर का 53वां अर्धशतक सिर्फ 26 गेंदों में पूरा किया। यह IPL 2022 में उनका लगातार तीसरा अर्धशतक है। उन्होंने 30 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 60 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। वहीं पृथ्वी ने 20 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया।

अक्षर

विकेटों के मामले में स्टेन से आगे निकले अक्षर

अक्षर पटेल ने किफायती गेंदबाजी के साथ-साथ विकेट भी हासिल किए। उन्होंने अपने चार ओवरों में सिर्फ 10 रन देकर दो विकेट लिए। अक्षर ने अपने IPL करियर में अब तक 115 मैचों में 98 विकेट ले लिए हैं और इस बीच उन्होंने डेल स्टेन (97) को पीछे छोड़ दिया है। वहीं अपनी मौजूदा टीम से खेलते हुए उन्होंने 37 विकेट ले लिए हैं और आशीष नेहरा (36) को पीछे छोड़कर दिल्ली से सातवें सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने हैं।

पॉवरप्ले

दिल्ली ने पॉवरप्ले में बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने शुरुआती छह ओवर में 81 रन बना डाले और यह IPL 2022 में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा पॉवरप्ले का स्कोर हो गया है। इससे पहले चेन्नई ने लखनऊ के खिलाफ 73/1 का स्कोर बनाया था। इसके अलावा यह IPL इतिहास में दिल्ली की ओर से पॉवरप्ले में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी हो गया है।

रिकार्ड्स

मैच में बने अन्य रिकार्ड्स

IPL इतिहास में पंजाब ने आज अपना चौथा सबसे कम स्कोर बनाया है। वार्नर और पृथ्वी की सलामी जोड़ी ने लगातार चौथे मैच में 50 से अधिक रनों की साझेदारी की है। बता दें क्रिस गेल और केएल राहुल ने 2018 में पंजाब की ओर से लगातार पांच मैचों में 50 से अधिक रनों की साझेदारी की थी।

जानकारी

बटलर ने बनाए हैं सर्वाधिक रन

IPL 2022 में फिलहाल सर्वाधिक रन जोस बटलर (375) ने बनाए हैं। उनके बाद इस सूची में केएल राहुल (265) और फॉफ डु प्लेसिस (250) हैं। गेंदबाजी में सर्वाधिक विकेट चहल (17) ने लिए हैं। वहीं अन्य गेंदबाज कुलदीप यादव (13) और नटराजन (12) हैं।