Page Loader
DC बनाम MI: दिल्ली को मिला 178 रनों का लक्ष्य, किशन ने खेली अर्धशतकीय पारी
तस्वीर- Twitter/IPL

DC बनाम MI: दिल्ली को मिला 178 रनों का लक्ष्य, किशन ने खेली अर्धशतकीय पारी

लेखन Neeraj Pandey
Mar 27, 2022
05:15 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 177/5 का स्कोर खड़ा किया है। मुंबई के लिए ओपनर बल्लेबाज ईशान किशन (81*) ने सबसे अधिक रन बनाए। DC के लिए कुलदीप यादव ने सबसे अधिक तीन विकेट अपने नाम किए। आइए जानते हैं कैसी रही MI की पारी और कुछ अन्य जरूरी बातें।

शुरुआत

रोहित और किशन ने दिलाई मुंबई को धुंआधार शुरुआत

रोहित शर्मा और किशन ने मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में 53 रन बनाते हुए मुंबई को आक्रामक शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 8.2 ओवर्स में 67 रनों की साझेदारी हुई। कप्तान रोहित 32 गेंदों में 41 रन बनाने के बाद आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। वह कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हुए।

तिलक वर्मा

डेब्यू पर तिलक ने खेली प्रभावित करने वाली पारी

रोहित के आउट होने के बाद अनमोलप्रीत सिंह तीसरे नंबर पर आए थे, लेकिन वह भी केवल आठ रन बनाकर कुलदीप का शिकार बने। आउट होने से पहले उन्होंने किशन के साथ 16 रन जोड़े थे। IPL डेब्यू कर रहे तिलक वर्मा ने प्रभावित करने वाली पारी खेली। उन्होंने 15 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए। उन्होंने किशन के साथ 22 गेंदों में 35 रनों की साझेदारी की।

ईशान किशन

किशन ने खेली अदभुत पारी

किशन ने 48 गेंदों में नाबाद 81 रनों की पारी खेलते हुए मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। किशन की धुंआधार बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने आखिरी चार ओवर्स में 54 रन बनाए। 2020 से अब तक ओपनिंग करते हुए किशन का यह पांचवां अर्धशतक है। ओपनिंग करते हुए वह केवल दो ही बार अर्धशतक नहीं बना सके हैं।

कुलदीप यादव

कुलदीप ने की शानदार गेंदबाजी

कुलदीप यादव ने गेंद से शानदार काम किया और IPL में बेहतरीन वापसी की है। कुलदीप ने चार ओवर में केवल 18 रन ही खर्च किए और तीन विकेट अपने नाम किए। 2019 सीजन की शुरुआत से लेकर अब तक खेले 15 मैचों में यह कुलदीप का बेस्ट प्रदर्शन है। पिछले तीन सीजन में मिलाकर कुलदीप ने केवल 14 ही मैच खेले थे। पिछले सीजन तो उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।