Page Loader
इस बार 11 अप्रैल से शुरू हो सकता है IPL- रिपोर्ट

इस बार 11 अप्रैल से शुरू हो सकता है IPL- रिपोर्ट

Feb 01, 2021
10:59 am

क्या है खबर?

हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विजय हजारे ट्रॉफी के आयोजन पर मुहर लगाई थी। इसके साथ ही यह स्पष्ट हो गया था कि रणजी ट्रॉफी इस बार नहीं खेली जा सकेगी। इस बीच ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की शुरुआत विजय हजारे के ठीक बाद 11 अप्रैल से हो सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय IPL गवर्निंग कमेटी करेगी। आइए एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

बयान

11 अप्रैल को IPL के शुरुआत की अस्थाई तारीख है- सूत्र

इंग्लैंड के भारत दौरे की समाप्ति मार्च में होनी है, जिसके बाद IPL की शुरुआत हो सकती है। BCCI के अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "11 अप्रैल को IPL के शुरुआत की अस्थाई तारीख रखी गई है। हालांकि, इस बारे में गवर्निंग कमेटी द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज मार्च में खत्म हो जाएगी। इसके बाद खिलाड़ियों को IPL के 14वें सीजन के लिए ब्रेक मिल जाएगा।"

डाटा

​खिलाड़ियों को मिलेगा लगभग दो सप्ताह का वक्त

इंग्लैंड इस समय टेस्ट, टी-20 और वनडे सीरीज के लिए भारत दौरे पर है। इंग्लैंड के सम्पूर्ण दौरे का अंत 28 मार्च को होना है। इसके बाद खिलाड़ियों को IPL की शुरुआत तक लगभग दो सप्ताह का वक्त मिल जाएगा।

पूर्व बयान

इस बार IPL भारत में ही होगा- धूमल

हाल ही में BCCI के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने बताया था कि बोर्ड IPL 2021 को भारत में करवाने के लिए प्रयासरत है। इसको लेकर धूमल ने कहा, "हम IPL का आयोजन भारत में करने की कोशिश कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हम ऐसा करने में सफल रहेंगे। फिलहाल हम किसी बैकअप के बारे में सोच तक नहीं रहे हैं क्योंकि हम इसका आयोजन यहीं करना चाहते हैं।"

IPL 2021

दर्शकों के साथ हो सकता है अगला IPL

कोरोना के कारण IPL के पिछले सीजन का आयोजन UAE में सफलतापूर्वक किया गया था। बता दें बिना दर्शकों के ही IPL 2020 तीन मैदानों में खेला गया था। दूसरी तरफ IPL 2021 में मैदान में दर्शकों की वापसी की पूरी उम्मीद है, इसके लिए BCCI निरंतर प्रयास भी कर रही है। वहीं IPL के 14वें सीजन से पहले मिनी ऑक्शन भी चेन्नई में 18 फरवरी को होना है।

रणजी ट्रॉफी

इस साल नहीं खेली जाएगी रणजी ट्रॉफी

कोरोना महामारी के बीच BCCI ने स्टेट एसोसिएशन से इस साल के डोमेस्टिक सीजन के शेड्यूल के लिए सुझाव मांगे थे। ज्यादातर राज्यों का मानना था कि रणजी ट्रॉफी की तुलना में वनडे प्रारूप में खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन आसानी से किया जा सकता है। परिणामस्वरूप BCCI ने यह फैसला किया है। 87 साल में पहली बार फर्स्ट क्लास क्रिकेट के अंतर्गत आने वाली रणजी ट्रॉफी का आयोजन नहीं हो सकेगा।​