
इन भारतीय बल्लेबाजों ने विदेशी धरती पर एक टेस्ट की दोनों पारियों में लगाए हैं शतक
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में भी शानदार शतकीय पारी (118) खेली। उन्होंने पहली पारी में भी शतक (134) जमाया था। इसके साथ ही वह इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इसी तरह वह विदेशी धरती पर टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले 5वें भारतीय बने हैं। आइए सभी पर नजर डालते हैं।
#1
विजय हजारे
विदेशी धरती पर टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने का कारनामा सबसे पहले पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विजय हजारे ने किया था। उन्होंने 1948 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। उन्होंने पहली पारी में 303 गेंदों पर 116 रन और दूसरी पारी में 372 गेंदों में 145 रन बनाए थे। हालांकि, उनके इस दमदार प्रदर्शन के बाद भी भारत को पारी और 16 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
#2
सुनील गावस्कर
इस सूची में पूर्व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज दौरे और 1978 में पाकिस्तान दौरे पर यह कारनामा किया था। उन्होंने 1971 में पोस्ट ऑफ स्पेन टेस्ट में क्रमश: 124 और 220 रन बनाए थे। हालांकि, यह मैच ड्रॉ रहा था। इसके बाद उन्होंने 1978 में कराची टेस्ट में क्रमश: 111 और 137 रन बनाए थे। हालांकि, उनके इस प्रदर्शन के बाद भी भारतीय टीम को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
#3
राहुल द्रविड
इस सूची में तीसरा नाम पूर्व तकनीकी बल्लेबाज राहुल द्रविड का है। उन्होंने 1999 में न्यूजीलैंड दौरे पर हेमिल्टन टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। उन्होंने पहली पारी में 354 गेंदों पर 31 चौकों की मदद से 190 रन और दूसरी पारी में 136 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 103* रन बनाए थे। उनके इस दमदार प्रदर्शन के दम पर ही भारतीय टीम 5वें दिन मैच को ड्रॉ पर खत्म कराने में सफल रही थी।
#4
विराट कोहली
इस सूची में चौथा नाम पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का है। उन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एडिलेड टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़े थे। उन्होंने पहली पारी में 184 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 115 रन और दूसरी पारी में 175 गेंदों में 16 चौके और 1 छक्के की मदद से 141 रन बनाए थे। उनके इस दमदार प्रदर्शन से भारतीय टीम 5वें दिन मैच को ड्रॉ पर समाप्त कराने में सफल रही थी।
#5
ऋषभ पंत
इस सूची में अब नया नाम विकेटकीपर बल्लेबाज पंत का भी जुड़ गया है। उन्होंने हेंडिग्ले टेस्ट में यह कारनामा किया है। उन्होंने पहली पारी में 178 गेंदों में 12 चौके और 6 छक्कों की मदद से 134 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 140 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से 118 रन बना दिए। उनके प्रदर्शन की दम पर भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन का लक्ष्य दिया है।