IPL इतिहास में इन 5 भारतीयों ने जीती है 'ऑरेंज कैप', इस बार कौन होगा दावेदार?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 अपनी समाप्ति की ओर है। 28 मई को लीग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
लीग में इस बार कई भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल तो 'ऑरेंज कैप' जीतने के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं।
वैसे आश्चर्य की बात ये है कि 2008 से लेकर अब तक लीग के इतिहास में केवल 5 भारतीय खिलाड़ी ही ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा पाए हैं।
आइए उनके बारे में जानते हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर (2010)
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के लिए इस खेल का ऐसा कोई फॉर्मेट नहीं रहा जहां उन्होंने अपनी छाप नहीं छोड़ी हो।
IPL में बतौर भारतीय क्रिकेटर पहली बार ऑरेंज कैप जीतने का सिलसिला तेंदुलकर ने ही शुरू किया था।
उन्होंने साल 2010 के संस्करण में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 15 पारियों में 618 रन बनाए थे। 47.53 के औसत और 132.61 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 5 अर्धशतक जमाए थे।
#2
रॉबिन उथप्पा (2014)
तेंदुलकर के बाद किसी भारतीय को ऑरेंज कैप जीतने के लिए 4 साल तक इंतजार करना पड़ा था।
IPL 2014 संस्करण में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गहरी छाप छोड़ी थी।
उन्होंने पूरे सीजन में 16 पारियों में 44 के औसत और 137.78 के स्ट्राइक रेट से 660 रन बनाए थे।
उन्होंने गौतम गंभीर की अगुआई में KKR को 3 साल में दूसरी बार ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
#3
विराट कोहली (2016)
IPL 2016 का सबसे बड़ा आकर्षण स्टार बल्लेबाज विराट कोहली थे। कोहली 2016 संस्करण में बेहतरीन फॉर्म में थे तब उन्होंने अकेले दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को फाइनल में पहुंचाया था।
उस सीजन में उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतकों की मदद से कुल 973 रन बनाए थे। उस दौरान उनकी औसत 81.08 और स्ट्राइक रेट 152.03 की थी।
एक IPL सीजन में अभी भी सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड कोहली के ही नाम दर्ज है।
#4
केएल राहुल (2020)
जब खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट की बात आती है तो स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल को कैसे नकारा जा सकता है।
इस समय भले ही उनकी फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हों, लेकिन इस खिलाड़ी ने IPL 2020 संस्करण में पंजाब किंग्स (PBKS) की अगुवाई करते हुए कमाल की बल्लेबाजी की थी।
उन्होंने पूरे सीजन में 14 पारियों में 55.83 के औसत और 129.34 के स्ट्राइक रेट से 670 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था।
#5
रुतुराज गायकवाड़ (2021)
सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ एक बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और उनकी प्रतिभा पूरी तरह से IPL 2021 में सामने आई थी।
उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए खेलते हुए 45.35 के औसत और 136.26 के स्ट्राइक रेट से 635 रन बनाए थे।
गायकवाड़ ने CSK को IPL इतिहास में चौथी ट्रॉफी जीतने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
IPL 2023 में वह अब तक 14 पारियों में 146.88 के स्ट्राइक रेट से 564 रन बना चुके हैं।
रिपोर्ट
इस सीजन में दावेदार कौन?
इस सीजन में ऑरेंज कैप के दावेदारों की बात की जाए तो पहला नाम गुजरात टाइटंस (GT) के बल्लेबाज गिल का आता है।
गिल इस सीजन में अब तक 15 पारियों में 55.54 के बल्लेबाजी औसत और 149.17 के स्ट्राइक रेट से 722 रन बना चुके हैं।
सूची में पहले नंबर पर काबिज फाफ डु प्लेसिस की टीम पहले ही बाहर हो चुकी है। ऐसे में गिल सबसे बड़े दावेदार हैं। अन्य दावेदार में गायकवाड़ उनसे काफी पीछे हैं।