Page Loader
भारत बनाम श्रीलंका, पहला टेस्ट: शतक से चूके ऋषभ पंत, ऐसा रहा पहला दिन
तस्वीर- Twitter/BCCI

भारत बनाम श्रीलंका, पहला टेस्ट: शतक से चूके ऋषभ पंत, ऐसा रहा पहला दिन

लेखन Neeraj Pandey
Mar 04, 2022
05:08 pm

क्या है खबर?

भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन भारत ने अच्छा खेल दिखाया है। दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 357 रन बना लिए हैं। भारत के लिए ऋषभ पंत (96) ने सबसे अधिक रन बनाए हैं। श्रीलंका के लिए लसिथ एंबुलदेनिया ने सबसे अधिक दो विकेट लिए हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा पहले दिन का खेल।

शुरुआत

रोहित और मयंक ने दिलाई भारत को अच्छी शुरुआत

रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल की जोड़ी ने भारत को सधी हुई शुरुआत दिलाई। भारत को 52 के स्कोर पर रोहित के रूप में पहला झटका लगा था। रोहित ने 28 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली। उन्होंने 29 में से 24 रन चौकों की मदद से बनाए थे। अग्रवाल ने 49 गेंदों में 33 रन बनाए और 80 के कुल योग पर आउट हुए। अग्रवाल ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए।

हनुमा विहारी

विहारी ने लगाया पांचवां टेस्ट अर्धशतक

हनुमा विहारी को तीन नंबर पर खेलने का मौका मिला था और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। विहारी ने 128 गेंदों का सामना करते हुए 58 रनों की पारी खेली और अपना पांचवां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। विहारी ने इस दौरान विराट कोहली (45) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की अहम साझेदारी की। 170 के स्कोर पर कोहली और 175 पर विहारी आउट हुए थे।

ऋषभ पंत

शतक से चूके पंत

ऋषभ पंत ने धीमी शुरुआत करते हुए 73 गेंदों में अपना आठवां अर्धशतक पूरा किया था और फिर उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। पंत ने रविंद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 118 गेंदों में 104 रनों की साझेदारी की थी। 97 गेंदों में 96 रन बनाने वाले पंत ने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए थे। घरेलू टेस्ट की पहली पारी में पंत चौथी बार नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए हैं।

विराट कोहली

पांचवें सबसे तेज 8,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बने कोहली

कोहली पांचवें सबसे तेज 8,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। कोहली ने टेस्ट की 169वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की है। सचिन तेंदुलकर (154 पारी) सबसे तेज 8,000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय हैं। कोहली ने 45 रनों की अपनी पारी के दौरान पांच चौके लगाए और टेस्ट क्रिकेट में अपने 900 चौके भी पूरे किए। 901 चौकों के साथ अब वह सर्वाधिक टेस्ट चौकों के मामले में सौरव गांगुली (900) से आगे निकल गए हैं।