भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका: टी-20 सीरीज में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में दमदार प्रदर्शन करने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के कई खिलाड़ी नौ जून से अंतरराष्ट्रीय ड्यूटी पर नजर आएंगे। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज नौ जून से हो रही है। यह सीरीज दोनों ही देशों के लिए काफी अहम रहने वाली है क्योंकि यहीं से वे टी-20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारी शुरु करेंगे। एक नजर डालते हैं उन पांच खिलाड़ियों पर जिनके ऊपर रहेंगी सबकी निगाहें।
हार्दिक पंड्या ने नवंबर 2021 के बाद भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है। लगभग छह महीने बाद भारतीय टीम में वापसी करते हुए हार्दिक अपनी छाप छोड़ने की पूरी कोशिश करेंगे। लंबे समय तक चोट से जूझने वाले हार्दिक ने IPL 2022 में शानदार खेल दिखाया और अपनी टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने वाले हार्दिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी दमदार वापसी करने की कोशिश करेंगे।
वर्तमान सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक सबसे अहम बल्लेबाज होंगे। पारी की शुरुआत करने वाले डिकॉक पर अपनी टीम को सटीक शुरुआत देने की जिम्मेदारी होगी। डिकॉक ने IPL 2022 में दमदार प्रदर्शन किया था और 500 से अधिक रन बनाए थे। डिकॉक का बल्ला भारत के खिलाफ अक्सर चलता आया है और यदि इस बार भी चला तो दक्षिण अफ्रीका सीरीज में मजबूत स्थिति में रहेगी।
रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में युवा रुतुराज गायकवाड़ को ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है। पिछले साल जुलाई में अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले गायकवाड़ ने IPL 2022 में दिखाया था कि उनके पास कितना टैलेंट है। IPL 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले गायकवाड़ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके खुद को भारतीय टीम में बैकअप ओपनर के रूप में उपलब्ध कराने की कोशिश करेंगे।
IPL 2022 में पंजाब किंग्स के लिए 14 मैचों में 23 विकेट लेने वाले कगीसो रबाडा दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी के अगुआ रहेंगे। रबाडा के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का काफी अधिक अनुभव है। रबाडा ने भारत के खिलाफ और भारत में काफी क्रिकेट खेला है और वह यहां की परिस्थितियों से परिचित हैं। यदि दक्षिण अफ्रीका को इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना है तो रबाडा को गेंद से अपनी ताकत दिखानी होगी।
2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद लगा था कि दिनेश कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त हो चुका है, लेकिन उन्होंने IPL 2022 में करिश्माई प्रदर्शन करके लगभग तीन साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर ली है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से वह खुद को वर्तमान समय का बेस्ट फिनिशर साबित करने की कोशिश करेंगे। कार्तिक भारतीय टीम में फिनिशर के रूप में अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे।