अंडर-19 विश्व कप 2026: अहम मुकाबले से पहले भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने फिर नहीं मिलाया हाथ
क्या है खबर?
अंडर-19 विश्व कप 2026 के सुपर सिक्स ग्रुप-2 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने पारंपरिक हैंडशेक से परहेज किया। भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे और पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने टॉस की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन एक-दूसरे से अभिवादन नहीं किया। भारत-पाकिस्तान मैचों में हाथ मिलाने से दूरी बनाने का यह चलन पिछले साल के टी-20 एशिया कप से लगातार देखने को मिल रहा है।
शुरुआत
सूर्यकुमार यादव ने की थी इसकी शुरुआत
साल 2025 टी-20 एशिया कप के दौरान हाथ मिलाने से इनकार की शुरुआत टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने की थी। उन्होंने जानबूझकर पाकिस्तान के कप्तान आघा सलमान से हाथ नहीं मिलाया था। यह कदम अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों के प्रति सम्मान जताने के लिए उठाया गया था। इसके बाद फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।
तनाव
लगातार बढ़ रहा दोनों देशों के बीच तनाव
पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव लगातार बढ़ता गया। भारत ने जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया, जबकि पाकिस्तान ने ड्रोन हमलों से पलटवार किया। राजनीतिक तनाव के बावजूद दोनों टीमें पुरुष एशिया कप, राइजिंग स्टार्स एशिया कप, महिला विश्व कप, अंडर-19 एशिया कप और अंडर-19 विश्व कप में आमने-सामने हुईं। वहीं, सीनियर पुरुष एशिया कप में चैंपियन भारत ने ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
दुबई
अंडर-19 एशिया कप में भी दोनों कप्तानों ने नहीं मिलाया था हाथ
2025 में दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप मुकाबले के दौरान भी भारतीय कप्तान आयुष और पाकिस्तानी कप्तान फरहान ने टॉस के वक्त दूरी बनाए रखी थी। अब अंडर-19 विश्व कप में भी दोनों टीमों के बीच काफी दूरी देखने को मिल रही है। टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की टीम अपने मुकाबले श्रीलंका में खेलने वाली है। विश्व कप का आयोजन भारत में होने वाला है। इस कारण ये फैसला लिया गया है।