टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से 8 मार्च (रविवार) को होगा। ये मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। कीवी टीम ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया था, वहीं भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। ऐसे में आइए दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड और प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2007 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 30 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 18 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 11 मैच न्यूजीलैंड ने अपने नाम किए हैं। 1 मैच टाई पर समाप्त हुआ है। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में न्यूजीलैंड को सिर्फ 1 मैच में ही जीत मिल पाई है। 4 मुकाबले भारत ने जीते हैं।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने जीते हैं सभी मुकाबले
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले हुए हैं। इन सभी मैचों में कीवी टीम को ही जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 2007 में खेला गया था, जिसे न्यूजीलैंड ने 10 रन से जीता था। दूसरी भिड़ंत साल 2016 में हुई थी। उस मुकाबले को कीवी टीम ने 47 रन से जीता था। आखिरी बार 2021 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से जीत मिली थी।
प्रदर्शन
भारत के इन खिलाड़ियों का रहा है अच्छा प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन सूर्यकुमार यादव ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 13 मैचों में 34.06 की औसत और 170.77 की स्ट्राइक रेट से 526 रन निकले हैं। ईशान किशन ने 11 मैचों में 155.88 की स्ट्राइक रेट से 318 रन बनाए हैं। अर्शदीप सिंह ने 18.11 की औसत से 17 विकेट चटकाए हैं। जसप्रीत बुमराह ने 14 पारियों में 23.37 की उम्दा औसत के साथ 16 विकेट अपने नाम किए हैं।
गेंदबाजी
न्यूजीलैंड के इन खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ किया है शानदार प्रदर्शन
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन कॉलिन मुनरो ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 12 मैचों में 148.95 की स्ट्राइक रेट से 426 रन निकले हैं। टिम सीफर्ट ने 15 मैचों में 148.6 की स्ट्राइक रेट से 425 रन बनाए हैं। ईश सोढ़ी ने 23.8 की औसत से 25 मैचों में 30 विकेट चटकाए हैं। मिचेल सैंटनर ने 26 मैच की 26 पारियों में 30.43 की औसत के साथ 23 विकेट अपने नाम किए हैं।