Page Loader
धर्मशाला टेस्ट: रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने लगाए अर्धशतक, भारत के नाम रहा पहला दिन
यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने दिलाई जोरदार शुरुआत (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

धर्मशाला टेस्ट: रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने लगाए अर्धशतक, भारत के नाम रहा पहला दिन

Mar 07, 2024
04:59 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के 5वें टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से भारतीय क्रिकेट टीम के नाम रहा है। धर्मशाला के मैदान पर इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में 218 रन पर ही सिमट गई। जवाब में भारत ने 135/1 का स्कोर बनाया है। पहले दिन के खेल की समाप्ति तक क्रीज पर रोहित शर्मा (52) और शुभमन गिल (26) बने हुए हैं। आइए आज के खेल पर एक नजर डालते हैं।

क्रॉली

क्रॉली ने खेली 79 रन की पारी 

भारतीय तेज गेंदबाजों ने पहले सत्र के दौरान कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके सामने जैक क्रॉली और बेन डकेट ने अच्छा खेल दिखाया। धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी कर रही इस जोड़ी ने 64 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड को पहला झटका डकेट के रूप में लगा। वह 58 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, दूसरे छोर से क्रॉली ने अर्धशतकीय पारी खेली। वह 108 गेंदों पर 79 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के विकेट कुलदीप यादव ने लिए।

मध्यक्रम

इंग्लैंड के मध्य क्रम ने किया निराश 

नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए ओली पोप सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 56 गेंदों का सामना करते हुए 26 रन बनाए। पिछले टेस्ट में शतक जड़ने वाले रूट आज पारी में खेलने में नाकाम रहे। जॉनी बेयरस्टो ने 18 गेंदों पर 29 रन की छोटी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और इतनी ही छक्के भी लगाए। मुश्किल घड़ी में इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स अपना खाता भी नहीं खोल सके।

स्पिनर

भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने लिए सभी 10 विकेट

भारत की ओर से कुलदीप सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 72 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए। भारतीय चाइनामैन गेंदबाज ने इंग्लैंड के शीर्षक्रम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। अपना 100वां टेस्ट खेल रहे अश्विन ने 11.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 51 रन देते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। रविंद्र जडेजा ने अपने 10 ओवर में 17 रन देते हुए 1 विकेट लिया। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज कोई सफलता हासिल नहीं कर सके।

कुलदीप

कुलदीप ने पूरे किए अपने 50 टेस्ट विकेट

इस बीच कुलदीप टेस्ट में भारत की ओर से सबसे तेज (गेंदों के मामले में) 50 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने 1,871 गेंदों में ये आंकड़ा पार किया। इस मामले में अक्षर पटेल (2,005 गेंदे) दूसरे पायदान पर हैं। कुलदीप के अब 12 टेस्ट की 21 पारियों में 21.10 की औसत के साथ 51 विकेट ले लिए हैं। इस बीच वह 4 पारियों में कम से कम 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।

शुरुआत

रोहित और जायसवाल ने दिलाई अच्छी शुरुआत 

इंग्लैंड को सस्ते में समेटने के बाद भारत को रोहित और जायसवाल की सलामी जोड़ी ने जोरदार शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने विपक्षी टीम के ऑफ स्पिनर शोएब बशीर के एक ओवर के दौरान 3 छक्के लगाकर अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की। वह 57 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। भारतीय सलामी जोड़ी ने 104 रन की साझेदारी की। भारतीय टीम फिलहाल 83 रन से पीछे है।

जायसवाल

जायसवाल ने पूरे किए अपने 1,000 टेस्ट रन 

अपनी इस पारी के दौरान 29वां रन बनाते ही जायसवाल ने टेस्ट करियर में 1,000 रन पूरे किए। वह ऐसा करने वाले भारत के 69वें बल्लेबाज बने। उन्होंने अपने 9वें टेस्ट की 16वीं पारी में 1,000 रन पूरे किए। इसके साथ ही वह ऐसा करने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की ओर से विनोद कांबली ने 12वें टेस्ट की 14वीं पारी में अपने 1,000 रन पूरे कर लिए थे।

रिकॉर्ड्स 

जायसवाल ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स

जायसवाल अब 1,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले दुनिया के सबसे तेज ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भारतीय कप्तान और अपने सलामी जोड़ी साझेदार रोहित को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 17 पारियों में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था। जायसवाल ने पारी के दौरान 45वां रन बनाते ही सीरीज में अपने 700 रन पूरे कर लिए। वह किसी द्विपक्षीय सीरीज में 700 रन बनाने वाले कुल तीसरे और दूसरे भारतीय बने हैं।