Page Loader
भारत बनाम अफगानिस्तान: यशस्वी जायसवाल ने लगाया अपना चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए आंकड़े
यशस्वी जायसवाल ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम अफगानिस्तान: यशस्वी जायसवाल ने लगाया अपना चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Jan 14, 2024
10:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तूफानी बल्लेबाजी की। इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में उन्होंने 27 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा है। जायसवाल अपनी पारी के दौरान 200 की स्ट्राइक रेट से मात्र 34 गेंदों पर 68 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 6 शानदार छक्के भी लगाए।

साझेदारी

जायसवाल और दुबे के बीच हुई 92 रनों की साझेदारी

173 रन का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी भारतीय टीम को 5 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा अपनी पहली गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उसके बाद जायसवाल ने विराट कोहली (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 गेंद में 57 रन की साझेदारी की। कोहली के आउट होने के बाद जायसवाल ने शिवम दुबे (63) के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत पक्की कर दी।

करियर

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जायसवाल का प्रदर्शन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में जायसवाल के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक खेले 16 मैच की 15 पारियों में 35.57 की औसत और 163.82 की स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उन्होंने 1 शतक भी लगाया है। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 100 रन है। उन्होंने 8 अगस्त, 2023 को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उन्होंने 4 टेस्ट की 7 पारियों में 316 रन भी बनाए हैं।

परिणाम

भारत ने दर्ज की आसान जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने पॉवरप्ले के बाद 58/1 का स्कोर बनाया। गुलबदीन नायब ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 57 रन बनाए। निचले क्रम में मुजीब उर रहमान ने 9 गेंदों पर 21 रन बनाकर टीम को 172 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में रोहित शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए। इसके बाद जायसवाल और दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाई। भारत ने 16वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।