भारत बनाम अफगानिस्तान: एकमात्र टेस्ट मुकाबले का प्रीव्यू और जरुरी आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार (6 जून) से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में मेजबान टीम अपनी चुनौती पेश करना चाहेगी। यह मैच मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंतर्गत नहीं आएगा, क्योंकि अफगान टीम इसका हिस्सा नहीं है। इस बीच आइए इस मुकाबले की जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ जीता है एकमात्र टेस्ट
अब तक ये दोनों टीमें टेस्ट में एक बार (2018) आपस में भिड़ी थी, जिसे भारत ने पारी और 262 रन से जीता था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए उस मैच में मेजबान ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे, जिसमें मुरली विजय और शिखर धवन ने शतक लगाए थे। जवाब में अफगान टीम की पहली पारी 109 रन पर सिमटी थी। इसके बाद फॉलऑन खेलते हुए मेहमान टीम दूसरी पारी में 103 रन पर ढेर हुई थी।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करना चाहेगी। ऐसे में वह नंबर-3 के लिए IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल को मौका दे सकती है। टीम को यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है अफगान टीम
अफगान टीम को इस मुकाबले में अपने सलामी बल्लेबाज अफसर जजई और रहमानुल्लाह गुरबाज की जोड़ी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। इससे टीम भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाना चाहेगी। इसी तरह मध्यक्रम में रहम शाम और कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी भी शानदार बल्लेबाजी से को मजबूती देना चाहेंगे। अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन: अफसर जजई, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, अब्दुल मलिक, अजमतुल्लाह उमरजई, कैस अहमद, एन खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।
पिच
कैसा होगा पिच का मिजाज?
यादविंद्र सिंह स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से काली मिट्टी की की जगह रेत से तैयार की गई है। इससे यहां स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। इसी तरह इस पिच पर बल्लेबाज और गेंदबाजों के लिए समान अवसर होते हैं। हालांकि, बल्लेबाजों के लिए रन बनाने के लिए अपनी नजरें जमानी होती है। ऐसे में इस मैदान पर एक मजेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मुल्लांपुर का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 6 जून को मुल्लांपुर में बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना 25 प्रतिशत है। ऐसे में मैच में खलल पड़ सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
गिल ने पिछले 9 मुकाबलों में 983 रन बनाए हैं। राहुल के बल्ले से 10 मैच में 813 रन निकले हैं। अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह ने पिछले 9 टेस्ट मैच में 45.76 की औसत से 778 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में सिराज ने 10 टेस्ट मैच में 43 विकेट लिए हैं। कुलदीप ने 4 मुकाबलों में 20 विकेट झटके हैं। अफगानिस्तान से जियाउर रहमान ने 1 मैच में 7 और कैस ने 2 मैचों में 3 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह एकमात्र टेस्ट मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 9 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का प्रसारण स्पोर्ट्स-18 नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप के जरिए किया जाएगा।