टी-20 टीम: रजत पाटीदार और कुलदीप यादव समेत ये खिलाड़ी क्यों किए गए नजरअंदाज?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के साथ-साथ एशियन खेलों के लिए टीम का ऐलान किया है। श्रेयस अय्यर नए कप्तान बने हैं। वहीं, वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। हालांकि, कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिसे नजरअंदाज किया जाना समझ के परे है। रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों को मौका नहीं मिला है। आइए इनके कारणों पर नजर डालते हैं।
बयान
खिलाड़ियों के नजरअंदाज पर क्या बोले मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर?
अजीत अगरकर ने कहा, "हम कई खिलाड़ियों पर चर्चा करते हैं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। अगर आपने IPL या घरेलू क्रिकेट देखा है तो ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो टीम में जगह बनाने की क्षमता रखते हैं, लेकिन मौजूदा टीम के खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमने एक मजबूत टीम चुनी है। कुछ खिलाड़ियों का बाहर रहना स्वाभाविक है, क्योंकि टीम में सिर्फ 15 खिलाड़ियों को ही जगह मिल सकती है।"
आंकड़े
IPL 2026 में रजत के ऐसे रहे आंकड़े
IPL 2026 में रजत ने RCB के लिए 15 मुकाबले खेले और इसकी 14 पारियों में 41.75 की उम्दा औसत के साथ 501 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 192.69 की रही। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93* रन रहा। उन्होंने अब तक कुल उन्होंने 57 मैच खेले हैं और इसकी 52 पारियों में 33.58 की औसत और 164.48 की स्ट्राइक रेट से 1,612 रन बनाए हैं। उन्होंने 14 अर्धशतक और एक शतक लगाया है।
कप्तान
लगातार 2 सीजन टीम को बनाया चैंपियन
रजत ने IPL 2025 में पहली बार RCB की कप्तानी की थी। पिछले सीजन 13 मैचों में कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को विजेता बनाया था। फाइनल में RCB ने PBKS को हराया था। IPL 2026 में पाटीदार ने 15 मैचों में कप्तानी की। IPL 2026 के फाइनल में RCB ने जीत के लिए मिले 156 रन के लक्ष्य को 18 ओवर में हासिल किया। रजत ने 28 मैचों में कप्तानी कर 2 बार टीम को चैंपियन बनाया।
बाहर
कुलदीप और रिंकू को भी मौका नहीं
कुलदीप किसी भी सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस प्रारूप में चयनकर्ता उनसे आगे बढ़ गए हैं। रवि बिश्नोई उनके नए विकल्प के तौर पर आए हैं। बिश्नोई सभी टीम का हिस्सा हैं। वहीं, रिंकू को टीम में ना चुने जाने की वजह सामने नहीं आई है। IPL 2026 के शुरुआती मैचों में ये खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में नहीं था, लेकिन फिर उन्होंने वापसी करते हुए कई कमाल की पारियां खेलीं थी।
इनाम
भुवनेश्वर को उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम नहीं मिला
RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने 2026 में अपने 16 मैचों के बाद 17.89 की औसत और 7.95 की इकॉनमी के साथ 28 विकेट लिए थे। यह दूसरा ऐसा सीजन रहा, जिसमें उन्होंने 25 या उससे अधिक विकेट लिए थे। इससे पहले 2017 में इस तेज गेंदबाज ने 14 मैचों में 14.19 की बेहतरीन औसत और 7.05 की उम्दा इकॉनमी रेट से 26 विकेट लिए थे। इसके बावजूद उन्हें मौका नहीं मिला है। हर्षित राणा की वापसी हुई है।