LOADING...
टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए अब तक के सबसे छोटे टीम स्कोर
भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करारी शिकस्त झेलनी पड़ी (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए अब तक के सबसे छोटे टीम स्कोर

Feb 23, 2026
01:30 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई यादगार प्रदर्शन किए हैं, लेकिन हर टीम के लिए मुश्किल दौर भी आते हैं। कई बार भारतीय टीम ने बड़े स्कोर बनाए, वहीं कुछ मैचों में वह कम स्कोर पर सिमट गई। ये मुकाबले न सिर्फ फैंस के लिए चौंकाने वाले रहे, बल्कि टीम की रणनीति और बल्लेबाजों की तकनीक पर भी सवाल उठाए। ऐसे में आइए टूर्नामेंट में भारत द्वारा बनाए गए सबसे छोटे टीम स्कोर पर नजर डालते हैं।

#1

79 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2016

साल 2016 के टी-20 विश्व कप का 13वां मैच भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेला गया था। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 126/7 का स्कोर बनाया था। कोरी एंडरसन के बल्ले से सबसे ज्यादा 34 रन निकले थे। जवाब में भारतीय टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 79 रन पर ऑलआउट हो गई। मिचेल सैंटनर ने 4 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट लिए। न्यूजीलैंड ने वह मुकाबला 47 रन से जीता था।

#2

110/7 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2021

साल 2021 के टी-20 विश्व कप का 28वां मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में सिर्फ 110/7 का स्कोर ही बना पाई। रविंद्र जडेजा ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। ट्रेंट बोल्ट ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जवाब में कीवी टीम ने 14.3 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डेरिल मिचेल ने 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

Advertisement

#3

111 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2026 

टी-20 विश्व कप 2026 के 43वें मुकाबले में भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 187/7 का बड़ा स्कोर बनाया। डेविड मिलर ने सिर्फ 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में केवल 111 रन पर ऑलआउट हो गई। मार्को यानसन ने 4 विकेट लिए। टीम को 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।

Advertisement

#4

118/8 बनाम दक्षिम अफ्रीका, 2009

साल 2009 के टी-20 विश्व कप का 24वां मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका पहले बल्लेबाजी करते हुए 130/5 का स्कोर ही बना पाई थी। हालांकि, जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में केवल 118/8 का स्कोर ही बना पाई। दक्षिण अफ्रीका को 12 रन से जीत मिली। एबी डिविलियर्स ने उस मुकाबले में 63 रन बनाए थे। जोहान बोथा ने 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

Advertisement