
विदेशी सरजमीं पर रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत पर एक नजर
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने विदेशी सरजमीं पर इतिहास रच दिया है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में उसे 336 रन से बड़ी जीत मिली। ये टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में विदेशी सरजमीं पर भारतीय टीम की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी है। इस यादगार जीत में बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक सभी ने अहम भूमिका निभाई। ऐसे में आइए विदेशी धरती पर भारत की सबसे बड़ी जीत पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
336 रन बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन 2025
भारत ने पहली पारी में शुभमन गिल (269), यशस्वी जायसवाल (87) और रविंद्र जडेजा (89) की बदौलत 587 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (106) और जेमी स्मिथ (184) की पारियों की बदौलत 407 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लिए। इसके बाद भारत ने गिल (161) की बदौलत 427/6 के स्कोर पर पारी घोषित की। 608 रन के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड 271 रन ही बना पाई और वह मुकाबला 336 रन से हार गए।
#2
318 रन बनाम वेस्टइंडीज, एंटीगुआ 2019
2019 में भारत ने विदेशी सरजमीं पर अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत (318 रन) वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगुआ में दर्ज की थी। अजिंक्य रहाणे के 81 रन की बदौलत भारत ने 297 रन बनाए थे, जबकि इशांत शर्मा ने 5 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को 222 रन पर समेट दिया था। दूसरी पारी में रहाणे ने शतक (102) जड़ा और भारत ने 343/7 पर पारी घोषित की। 419 रन के लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज 100 रन पर ढेर हो गई।
#3
304 रन बनाम श्रीलंका, गॉल 2017
भारत की तीसरी सबसे बड़ी जीत गॉल में साल 2017 में आई थी। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 304 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 600 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया था। जवाब में श्रीलंका की टीम 291 रन ही बना पाई थी। भारत की दूसरी पारी 240/3 के स्कोर पर घोषित हुई थी। श्रीलंका को 550 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन वह दूसरी पारी में सिर्फ 245 रन ही बना पाई।
#4
295 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, पर्थ 2024
भारतीय टीम की चौथी सबसे बड़ी जीत 295 रनों की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2024 में पर्थ में आई थी। पहली पारी में भारतीय टीम 150 रन पर सिमट गई थी। जवाब में जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी (5/30) के चलते मेजबान टीम 104 रन बना पाई। इसके बाद जायसवाल (161) और विराट कोहली (100*) के शतकों की बदौलत भारत ने दूसरी पारी 487/6 के स्कोर पर घोषित की। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 238 रनों पर समाप्त हो गई थी।