टी-20 विश्व कप 2026: भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उसका सामना 5 मार्च को इंग्लैंड क्रिकेट टीम से होगा। वहीं, इस हार के साथ कैरिबियाई टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रोस्टन चेज ने वेस्टइंडीज के लिए 25 गेंदों में 40 रन बनाए। जेसन होल्डर ने 37 और रोवमैन पॉवेल ने 34 रन की पारी खेली। कैरिबियाई टीम ने 195/4 का स्कोर बनाया। जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए। जवाब में भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने सबसे बड़ी पारी (97) खेली। तिलक वर्मा ने 27 रन बनाए।
छक्का
शिमरोन हेटमायर ने ये रिकॉर्ड किया अपने नाम
शिमरोन हेटमायर ने 27 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी संस्करण में 18 छक्के लगाए थे। हेटमायर के 19 छक्के हो गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज निकोलस पूरन के नाम था। उन्होंने 2024 के विश्व कप में 17 छक्के लगाए थे।
गेंदबाजी
ऐसी रही बुमराह की गेंदबाजी
बुमराह ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 36 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 9 की रही। बुमराह ने टी-20 क्रिकेट की 10 पारियों में हेटमायर को छठी बार आउट किया। इस दौरान हेटमायर ने 23 गेंदों पर केवल 17 रन बनाए हैं। बुमराह के खिलाफ हेटमायर की औसत 2.83 की है। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की 3 पारियों में बुमराह ने हेटमायर को 2 बार पवेलियन भेजा है, उनका औसत महज 4 का है।
छक्के
पॉवेल वेस्टइंडीज के लिए 150 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने
वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल ने मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर 34 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 2 छक्के निकले, जबकि उनकी स्ट्राइक रेट 178.95 की रही। इस पारी के साथ पॉवेल ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह वेस्टइंडीज के लिए टी-20 क्रिकेट में 150 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पूरन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 106 मैचों की 97 पारियों में 149 छक्के लगाए थे।
पारी
ऐसी रही सैमसन की पारी और साझेदारी
सैमसन ने 50 गेंदों का सामना किया और 97 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 194 की रही। उन्होंने सूर्यकुमार के साथ मिलकर 35 गेंदों में 58 रन की साझेदारी निभाई। तिलक के साथ उन्होंने 26 गेंदों में महत्वपूर्ण 42 रन जोड़े। हार्दिक पांड्या के साथ केवल 22 गेंदों में 38 रन और शिवम दुबे के साथ 6 गेंदों में 20 रन जोड़कर भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई।
विराट
सैमसन ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
टी-20 विश्व कप के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। कोहली ने टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए संयुक्त रूप से दो बार 82* रन बनाए थे। उन्होंने साल 2016 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 गेंदों में 82* रन बनाए थे, जबकि 2022 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 53 गेंदों में 82* रन की पारी खेली थी।
विश्व कप
सैमसन ने ये रिकॉर्ड्स भी किए अपने नाम
सैमसन ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इस सूची में पहले स्थान पर सुरेश रैना (101) हैं। सैमसन ईशान किशन के बाद टी-20 विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने टिम सीफर्ट (89*) का रिकॉर्ड तोड़ा है।
मैच
मैच में ये रिकॉर्ड्स भी बने
हार्दिक टी-20 विश्व कप में 400+ रन और 30+ विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले शाकिब अल हसन और शाहीद अफरीदी ने ये कारनामा किया था। भारतीय टीम टी-20 विश्व कप के इतिहास में छठी बार सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही। इंग्लैंड और पाकिस्तान भी 6-6 बार सेमीफाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची। भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपना सबसे सफल रन चेज भी किया।