टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने रचा इतिहास, नॉकआउट मैचों का सर्वोच्च स्कोर बनाया
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 253/7 का स्कोर बनाया। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में नॉकआउट मैचों में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर बन गया। वानखेड़े स्टेडियम में भारत की ओर से संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन की पारी खेली। उनके अलावा शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए।
सैमसन
सैमसन ने खेली 89 रन की पारी
पारी की शुरुआत करने आए सैमसन को 15 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला, जब जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कप्तान हैरी ब्रूक ने उनका आसान कैच छोड़ा। इस जीवनदान का उन्होंने भरपूर फायदा उठाया और इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ईशान (39) के साथ मिलकर 97 रन की साझेदारी भी की। आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सैमसन 42 गेंदों में 89 रन (चौके- 8, छक्के- 7) बनाकर आउट हुए।
दुबे
उम्दा बल्लेबाजी करने वाले दुबे हुए रन आउट
भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन की पारी खेली। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्का लगाया। वह दुर्भाग्यपूर्ण ढगं से रन आउट हुए। इसके साथ ही दुबे एक टी-20 विश्व कप संस्करण में 3 बार रन आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले 2007 में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए महेंद्र सिंह धोनी भी 3 पारियों में रन आउट हुए थे।
भारत
भारतीय टीम ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
यह टी-20 विश्व कप नॉकआउट में 200 से अधिक रन का सिर्फ दूसरा स्कोर है। इससे पहले 2012 के सेमीफाइनल में कोलंबो में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205/4 का स्कोर बनाया था। भारतीय टीम का यह टी-20 विश्व कप 2026 में 250+ रन का दूसरा स्कोर है। ऐसे में भारत पहला ऐसा देश बना है, जिसने इस टूर्नामेंट में 2 बार 250 से अधिक रन का स्कोर बनाया है।
बल्लेबाजी
ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी
भारत से पारी की शुरुआत करने आए अभिषेक शर्मा ने निराश किया और वह 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैमसन का ईशान किशन (39) ने उम्दा साथ निभाया। मध्यक्रम में कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) के विकेट के पतन के बाद हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन बनाए। वहीं तिलक ने 7 गेंदों में 21 रन की पारी खेलते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।