भारत की नई टी-20 टीम का ऐलान, श्रेयस अय्यर बने कप्तान; वैभव सूर्यवंशी को भी मौका
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन खेलों के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी के साथ-साथ टीम में जगह भी चली गई है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे। वहीं, वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह दी गई है। प्रिंस यादव को भी पहली बार चुना गया है। हार्दिक पांड्या किसी भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। जसप्रीत बुमराह केवल एशियन खेलों की टीम में है।
टीम
भारत की पूरी टीम पर एक नजर
इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, नितीश रेड्डी, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और रवि बिश्नोई। एशियन खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, नितीश रेड्डी, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई।
कारण
इस कारण श्रेयस बनाए गए टीम के कप्तान
श्रेयस ने 3 अलग-अलग टीमों को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फाइनल तक पहुंचाया है। उन्होंने पिछले 2 संस्करणों में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल शानदार शुरुआत के बावजूद PBKS को प्लेऑफ तक न पहुंचा पाने के बावजूद वह शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में से एक रहे, जिन्होंने 14 मैचों में 168.81 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए।
मौका
वैभव ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये रिकॉर्ड
15 साल और 71 दिन के वैभव को भी जगह मिली है। वह भारतीय टीम (पुरुष) में चयन होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्हें 16 साल और 194 दिन की उम्र में टीम में जगह मिली थी। उन्होंने 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ डेब्यू किया था। शफाली वर्मा 15 साल और 220 दिन की उम्र में महिला टीम में चुनी गईं थी।
मौका
क्यों नहीं मिला हार्दिक को मौका?
हार्दिक के टी-20 टीम में नहीं चुने जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, "वह वनडे टीम का हिस्सा हैं। बुमराह की तरह हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वह अच्छी लय में खेलते रहें और फिट रहें, ताकि 50 ओवर के विश्व कप के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।" रिंकू सिंह किसी टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, हर्षित राणा की टीम में वापसी हो गई है। रवि बिश्नोई भी दोनों टीमों का हिस्सा हैं।
प्रदर्शन
IPL में शानदार प्रदर्शन का प्रिंस को मिला फायदा
प्रिंस ने अपना पहला IPL मुकाबला 2025 में खेला था। उन्होंने 20 मैच खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 36 की औसत से 19 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 9.14 की रही है। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/32 का रहा है। IPL 2026 में इस खिलाड़ी ने 14 पारियों में 28.68 की औसत और 8.82 की इकॉनमी से 19 विकेट अपने नाम किए थे। IPL 2025 में प्रिंस ने 6 पारियों में 3 विकेट लिए थे।
फॉर्म
बल्ले से खराब फॉर्म में थे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार की बल्लेबाजी फॉर्म पिछले 2 साल से चिंता का विषय रही है। भारत को टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब दिलाने के बावजूद बल्ले से उनका प्रदर्शन संघर्षपूर्ण रहा। भारत के पहले मैच में लगाए गए एक अर्धशतक को छोड़कर वह कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए। IPL 2026 में भी उन्होंने 13 पारियों में केवल 270 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 20.76 का रहा। IPL 2025 में उन्होंने 717 रन बनाए थे।
कप्तान
बतौर कप्तान ऐसा रहा सूर्यकुमार का प्रदर्शन
क्रिकइंफो के मुताबिक, सूर्यकुमार ने 52 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों (2023-2026) में भारत की कप्तानी की, जिसमें से 40 में टीम को जीत मिली और 8 में हार का सामना किया। इस बीच 2 मैच टाई और 2 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। सूर्यकुमार से ज्यादा मैचों में कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी (72) और रोहित शर्मा (62) ने की है। बता दें कि रोहित की कप्तानी को छोड़ने के बाद सूर्यकुमार को नियमित कप्तान नियुक्त किया गया था।