टेस्ट क्रिकेट: इन सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाजों ने 300+ रन बनाने के साथ-साथ 25+ शिकार किए
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के एलेक्स कैरी के लिए एशेज सीरीज 2025-26 बेहतरीन रही। इंग्लैंड के खिलाफ संपन्न हुई 5 मैचों की इस टेस्ट सीरीज में जब-जब कैरी को बल्लेबाजी में मौके मिले, तब-तब उन्होंने उपयोगी रन बनाए। इसके साथ-साथ विकेट के पीछे उनकी चपलता भी कमाल की रही। वह एक टेस्ट सीरीज में 300+ रन बनाने के साथ-साथ 25+ शिकार करने वाले विकेटकीपर बने। आइए ये कमाल करने वाले खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
एडम गिलक्रिस्ट (340 रन, 26 शिकार, एशेज 2001)
एडम गिलक्रिस्ट टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ये कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने एशेज 2001 में 5 पारियों में 68.00 की औसत के साथ 340 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने एक शतक और 2 अर्धशतक भी लगाए थे। विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने कुल 26 शिकार (कैच और स्टंपिंग दोनों मिलाकर) किए थे। ऑस्ट्रेलिया ने उस सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया था।
#2
एडम गिलक्रिस्ट (333 रन, 25 शिकार, एशेज 2002-03)
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2002-03 की एशेज सीरीज को 4-1 से जीता था। वो संस्करण ऑस्ट्रेलिया में ही खेला गया था। एक बार फिर गिलक्रिस्ट ने सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 5 टेस्ट की 8 पारियों में 55.50 की औसत के साथ 333 रन बनाए थे। उस संस्करण में उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे। विकेट के पीछे उन्होंने कुल 25 शिकार किए थे।
जानकारी
विकेटकीपिंग में जोरदार रहा है गिलक्रिस्ट का प्रदर्शन
गिलक्रिस्ट ने एशेज सीरीज के इतिहास में 20 टेस्ट खेले थे, जिसमें उन्होंने कुल 96 शिकार किए थे। विकेटकीपर के तौर पर एशेज में उनसे ज्यादा शिकार सिर्फ इयान हीले (135), रॉड मार्श (131) और एलन नॉट (101) ने किेए थे।
#3
एलेक्स कैरी (323 रन, 28 शिकार, एशेज 2025-26)
कैरी ने एशेज 2025-26 में बल्लेबाजी में 8 पारियों में 46.14 की औसत के साथ 323 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। दूसरी तरफ विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने 28 शिकार किए। कैरी ने एशेज सीरीज में अब तक 15 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 28.24 की औसत के साथ 706 रन बनाए हैं। विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने 71 कैच और 6 स्टंपिंग की थी।