Page Loader
अंडर-19 विश्व कप 2022: भारतीय क्रिकेट टीम, कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
भारतीय क्रिकेट टीम

अंडर-19 विश्व कप 2022: भारतीय क्रिकेट टीम, कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jan 12, 2022
06:47 pm

क्या है खबर?

ICC अंडर-19 विश्व कप का 14वां संस्करण 14 जनवरी, 2022 से शुरू होगा। इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए 16 टीमें आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह टूर्नामेंट वेस्टइंडीज में खेला जाएगा। यह पहली बार है जब अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी वेस्टइंडीज करेगा। दिल्ली के युवा बल्लेबाज यश ढुल की कप्तानी में भारत चुनौती पेश करने के लिए तैयार है। आइए विश्व कप में भारतीय टीम, कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

जानकारी

ग्रुप-B में मौजूद है भारत

विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी 16 टीमों को चार ग्रुप्स में बांटा गया है। ग्रुप A: बांग्लादेश, इंग्लैंड, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात। ग्रुप B: भारत, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और युगांडा। ग्रुप C: अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी और जिम्बाब्वे। ग्रुप D: ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज। विश्व कप टूर्नामेंट ग्रुप स्टेज राउंड, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल के रूप में चार भागों में खेला जाएगा।

जानकारी

15 जनवरी को अपना पहला मैच खेलेगा भारत

भारत विश्व कप 2022 में अपना पहला मैच 15 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेलेगा। इसके बाद भारतीय टीम ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में 19 और 22 जनवरी को क्रमशः आयरलैंड और युगांडा से भिड़ेगी।

भारतीय टीम

अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम

भारतीय टीम: यश ढुल (कप्तान), हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, एसके रशीद (उप-कप्तान), निशांत सिंधु, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना (विकेटकीपर), आराध्या यादव ( विकेटकीपर), राज अंगद बावा, मानव पारेख, कौशल तांबे, आरएस हैंगरगेकर, वासु वत्स, विक्की ओस्तवाल, रविकुमार और गर्व सांगवान। स्टैंडबाय खिलाड़ी: ऋषि रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाई, अमृत राज उपाध्याय और पीएम सिंह राठौर।

इतिहास

विश्व कप इतिहास की सबसे सफल टीम है भारत

विश्व कप के इतिहस में भारत सबसे सफल टीम रही है, जिसने 2000, 2008, 2012 और 2018 में अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता है। खिताब के मामले में इस सूची में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने 1988, 2002 और 2010 में टूर्नामेंट जीता है। पाकिस्तान ने दो बार ट्रॉफी जीती है जबकि बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड ने एक-एक बार टूर्नामेंट जीता है।

प्रदर्शन

विश्व कप में ऐसा रहा है भारत का प्रदर्शन

भारत ने विश्व कप में अपना पहला खिताब 2000 में मोहम्मद कैफ के नेतृत्व में जीता था। उसके बाद विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012) और पृथ्वी शॉ (2018) की कप्तानी में भारत विश्व विजेता बना है। इसके अलावा भारत तीन बार (2006, 2016, और 2020) उपविजेता भी रहा है। भारतीय टीम 2010 और 2014 में क्रमश: छठे और पांचवें स्थान पर रही थी। वहीं 1998 में भारतीय टीम दूसरे दौर से बाहर हो गई थी।

जानकारी

विश्व कप से पहले भारत ने जीते अपने दोनों अभ्यास मैच

भारत ने गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में अपने दूसरे अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया। भारत के लिए हरनूर सिंह ने शतक लगाया। इससे पहले भारत ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला अभ्यास मैच 108 रन से जीता था।