Page Loader
भारत बनाम जिम्बाब्वे: केएल राहुल ने जमाया 22वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
केएल राहुल का ये इस विश्व कप में लगातार दूसरा अर्धशतक है। (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

भारत बनाम जिम्बाब्वे: केएल राहुल ने जमाया 22वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Nov 06, 2022
03:17 pm

क्या है खबर?

भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2022 के 42वें मुकाबले में रविवार को शानदार अर्धशतक जमाया है। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 22वां अर्धशतक है। टीम को शानदार शुरुआत देते हुए उन्होंने महत्वपूर्ण रन बनाए। उन्होंने 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वे इस फॉर्मेट में भारत की ओर से तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आइये जानते हैं राहुल की पारी और टी-20 अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के बारे में।

पारी

ऐसी रही राहुल की पारी

राहुल ने 145.71 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 51 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के जमाए। उन्होंने पहले विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा के साथ 23 गेंदों में 27 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ अर्धशतकीय साझेदारी (60 रन, 48 गेंद) निभाकर टीम को मजबूती दी। इस विश्व कप में ये उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा।

आंकड़े

ऐसा रहा है राहुल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

30 साल के राहुल ने अब तक अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 71 मैच खेले हैं। इस दौरान खेली गई 67 पारियों में उन्होंने 38.30 की औसत के साथ 2,260 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 110 रन रहा है। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए इस फॉर्मेट में 139.24 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करने वाले राहुल अब तक 190 चौके और 99 छक्के भी लगा चुके हैं।

2022 में प्रदर्शन

इस साल कैसा रहा है राहुल का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2016 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले राहुल ने इस साल लगभग औसत प्रदर्शन किया है। इस साल उन्होंने 15 मैचों में 30.64 की औसत और 126.92 की स्ट्राइक रेट के साथ 429 रन बनाए हैं। इस साल उनके बल्ले से छह अर्धशतक भी निकले हैं। 62 रनों के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने इस साल 26 चौके और 26 ही छक्के जमाए हैं।