ICC रैंकिंग: वनडे में स्मृति मंधाना बनी नंबर-1 बल्लेबाज, हरमनप्रीत कौर को भी हुआ फायदा
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने महिला खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना शीर्ष पर पहुंच गई है। वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ संपन्न हुई वनडे सीरीज में खेली थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को पीछे छोड़ते हुए बल्लेबाजी में नंबर-1 स्थान हासिल किया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा मिला है।
मंधाना
नंबर-1 बल्लेबाज बनी मंधाना
मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे में अर्धशतक (58) लगाया था। इसके बाद उन्होंने दूसरे वनडे में 31 रन बनाए और आखिरी मैच में शून्य पर आउट हुई थी। मंधाना के अब ICC रैंकिंग में 790 रेटिंग अंक हो गए हैं। दूसरे स्थान पर मौजूद वोल्वार्ड्ट के अब 782 रेटिंग अंक हो गए हैं। शीर्ष-10 बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा 4 ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शामिल हैं।
हरमनप्रीत
हरमनप्रीत की शीर्ष-10 में हुई वापसी
वनडे प्रारूप में हरमनप्रीत की शीर्ष-10 बल्लेबाजों में वापसी हुई है। वह 652 रेटिंग अंक के साथ 9वें स्थान पर पहुंच गई है। उन्हें 4 पायदान का फायदा हुआ है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार 2 अर्धशतक लगाए थे। उस सीरीज में उनके स्कोर क्रमशः 53, 54 और 25 रन रहे हैं। मंधाना और हरमनप्रीत के अलावा शीर्ष-10 में कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज नहीं हैं।
जानकारी
श्रीचरणी को हुआ नुकसान
भारतीय गेंदबाजी श्रीचरणी को 3 पायदान का नुकसान हुआ है। वह 497 रेटिंग अंको के साथ 26वें स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 4 विकेट लिए थे।
किंग
गेंदबाजी में अलाना किंग शीर्ष पर पहुंची
ऑस्ट्रेलिया की स्पिनर अलाना किंग गेंदबाजी में नंबर-1 रैंकिंग में पहुंच गई है। उनके अब 775 रेटिंग अंक हो गए हैं। उन्होंने इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन को पीछे छोड़ा है। एक्लेस्टोन के अब 747 रेटिंग अंक हो गए हैं। ये इंग्लिश गेंदबाज लगभग 4 साल बाद शीर्ष स्थान से खिसकी है। दीप्ति शर्मा को 5 पायदान का नुकसान हुआ है। वह 614 रेटिंग अंक के साथ 10वीं गेंदबाज बन गई है।