Page Loader
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ (सितंबर): रिजवान ने जीता पुरस्कार, महिलाओं में हरमनप्रीत ने मारी बाजी
रिजवान का शानदार रहा है प्रदर्शन (तस्वीर: ट्विटर/@TheRealPCB)

ICC प्लेयर ऑफ द मंथ (सितंबर): रिजवान ने जीता पुरस्कार, महिलाओं में हरमनप्रीत ने मारी बाजी

Oct 10, 2022
02:06 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सितंबर महीने के 'प्लेयर ऑफ द मंथ' पुरस्कार की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को इस बार यह पुरस्कार मिला है। दूसरी तरफ महिलाओं में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ये प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया है। उन्होंने भारत की स्मृति मंधाना और बांग्लादेश की निगर सुल्ताना को रेस में पीछे छोड़ा है। इस खबर पर नजर डालते हैं।

मोहम्मद रिजवान

इंग्लैंड के खिलाफ रिजवान के बल्ले ने जमकर उगले रन

ICC टी-20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज रिजवान ने सितंबर में जमकर रन बनाए थे। एशिया कप 2022 के छह मैचोें में तीन अर्धशतकों के साथ उन्होंने 281 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज में चार अर्धशतकों की मदद से छह मैचों में उन्होंने 316 रन ठोक दिए। इस फॉर्मेट में पाकिस्तान की ओर से उन्होंने 68 मैचों में एक शतक और 20 अर्धशतकों के सहारे 2,259 रन बना लिए हैं।

अन्य खिलाड़ी

रिजवान ने ग्रीन और अक्षर को पीछे छोड़ा

रिजवान ने भारत के अक्षर पटेल और ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को पीछे छोड़ते हुए यह अवार्ड जीता। बता दें अक्षर ने पिछले महीने तीन मैचों में टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6.30 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक आठ विकेट हासिल किए थे। उसी सीरीज में ग्रीन ने तीन मैचों में 215 की स्ट्राइक रेट से 118 रन बना डाले थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे।

प्रदर्शन

बल्ले और कप्तानी में शानदार रहा था हरमनप्रीत का प्रदर्शन

हरमनप्रीत कौर के लिए भारतीय टीम के कप्तान के रूप में भी पिछला महीना यादगार रहा था। उनकी अगुआई में भारत ने इंग्लैंड को उनके घर पर वनडे सीरीज में 3-0 से हराया था। 1999 के बाद इंग्लैंड में भारत की यह पहली सीरीज जीत थी। हरमनप्रीत ने उस सीरीज में 103.27 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 221 रन बनाए थे। उन्होंने पहले दो मैचों में फिनिशर की भूमिका निभाई थी।

बयान

विजेता बनने के बाद क्या बोली हरमनप्रीत?

इस पुरस्कार की विजेता चुने जाने के बाद हरमनप्रीत ने कहा, "मैंने हमेशा अपने देश का प्रतिनिधित्व करने में बहुत गर्व महसूस किया है और इंग्लैंड में ऐतिहासिक वनडे सीरीज में जीत हासिल करना मेरे करियर में एक ऐतिहासिक क्षण रहेगा। महिलाओं में 'प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना जाना मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में एक विशेष उपलब्धि है।"