ICC प्लेयर ऑफ द मंथ: दिसंबर 2025 के लिए मिचेल स्टार्क ने जीता पुरस्कार
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने दिसंबर 2025 के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है। उन्होंने वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स और न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए ये पुरस्कार अपने नाम किया है। दूसरी तरफ महिला वर्ग में दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
स्टार्क
स्टार्क ने दिसंबर 2025 में किया था कमाल
स्टार्क ने दिसंबर 2025 में एशेज सीरीज के दौरान गेंदबाजी में 16 विकेट लिए थे और बल्लेबाजी में 139 रन बनाए थे। एशेज 2025-26 में (दिसंबर-जनवरी) स्टार्क ने 10 पारियों में 19.93 की औसत के साथ 31 विकेट लिए थे। इस बीच उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन पर 7 विकेट लेना रहा। कोई भी दूसरा गेंदबाज 25 विकेट के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है।
बयान
प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना सम्मान की बात है- स्टार्क
स्टार्क ने कहा, "ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना सम्मान की बात है, और यह और भी खास है क्योंकि यह घर पर इतनी सफल एशेज सीरीज जीतने के बाद मिला है। अपने घरेलू दर्शकों के सामने इतनी प्रतिष्ठित सीरीज जीतने में हिस्सा लेना, यह कुछ ऐसा है जिसे हम सभी लंबे समय तक याद रखेंगे। अब हमारा लक्ष्य अगले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने पर होगा।"
प्रदर्शन
ग्रीव्स और जैकब डफी का दिसंबर में प्रदर्शन
ग्रीव्स ने न्यूजीलैंड में खेली गई टेस्ट सीरीज में 6 पारियों में 56.60 की औसत के साथ 283 रन बनाए थे। वह अपनी टीम से उस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टेस्ट में नाबाद दोहरा शतक 202* लगाया था। उसी सीरीज में कीवी तेज गेंदबाज डफी ने 3 मैचों में 15.43 की औसत से सर्वाधिक 23 विकेट लिए थे। उन्होंने 3 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए थे।
लौरा वोल्वार्ड्ट
लौरा वोल्वार्ड्ट का ऐसा रहा था प्रदर्शन
वोल्वार्ड्ट ने भारत की शफाली वर्मा और अपने देश की सुने लुस को पीछे छोड़ते हुए प्लेयर ऑफ द मंथ जीता। दिसंबर में वोल्वार्ड्ट ने आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार 2 शतक (124 और 100*) रन बनाए थे। वह सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज थी। शफाली ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में कमाल किया था। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 5 पारियों में 80 की औसत से 241 रन बनाए थे।