Page Loader
वनडे विश्वकप 2023 फाइनल: डेविड वार्नर भारत के लिए बन सकते हैं बड़ी मुसीबत, जानिए कारण 
डेविड वार्नर भारत के खिलाफ वनडे में 50.60 की औसत से रन बनाते हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे विश्वकप 2023 फाइनल: डेविड वार्नर भारत के लिए बन सकते हैं बड़ी मुसीबत, जानिए कारण 

Nov 18, 2023
12:36 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के खिताबी मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच रविवार (19 नवंबर) को टक्कर होगी। 5 बार की विश्व विजेता टीम ऑस्ट्रेलिया फाइनल में भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। वार्नर का भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है जो उन्हें और भी खतरनाक बनाता है। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।

रिपोर्ट

भारत के खिलाफ वार्नर के आंकड़े 

विस्फोटक बल्लेबाज वार्नर का भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे प्रारूप में काफी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। इस टीम के खिलाफ उन्होंने अब तक 26 मैचों में 50.62 की औसत और 98.54 की स्ट्राइक रेट से 1,215 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक भारत के खिलाफ 3 शतक और 9 अर्धशतक जमाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128* रन का रहा है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका (1,255) के बाद दूसरे सर्वाधिक रन भारत के खिलाफ ही बनाए हैं।

रिपोर्ट

भारतीय सरजमीं पर कैसा रहा है वार्नर का प्रदर्शन? 

भारतीय सरजमीं पर भी वार्नर ने काफी निरंतरता के साथ बल्लेबाजी करते हुए गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने भारत में 22 वनडे मैचों में 52.52 की औसत और 105.95 की स्ट्राइक रेट से 1,103 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में वह भारत में 163 के उच्चतम स्कोर के साथ 4 शतक और 6 अर्धशतक जमा चुके हैं। वार्नर भारतीय पिचों पर खेलने के लंबे वक्त से अभ्यस्त हैं। वह नियमित रूप से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी खेलते हैं।

रिपोर्ट

वार्नर वर्तमान विश्व कप में बना चुके हैं 500 से अधिक रन 

वार्नर का भारत के लिए बड़ा खतरा बनने का एक कारण यह भी है कि वह वर्तमान विश्व कप में शानदार लय में हैं। वह अब तक 10 मैचों में 52.80 की औसत और 107.53 की स्ट्राइक रेट से 528 रन बना चुके हैं। वह 163 के उच्चतम स्कोर के साथ 2 शतक और 2 अर्धशतक जमा चुके हैं। वह वर्तमान टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे नंबर पर मिचेल मार्श (426) हैं।

रिपोर्ट

इस साल कैसा रहा है वार्नर का प्रदर्शन? 

वार्नर इस साल के ज्यातादर मैचों में बल्ले से संघर्ष करते हुए नजर आ रहे थे, लेकिन वनडे विश्व कप में उन्होंने लय हासिल कर ली। इस साल अब तक खेले गए 19 मैचों में 48.31 की औसत और 112.22 की स्ट्राइक रेट के साथ 918 रन बना चुके हैं। इस साल 163 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने अब तक 3 शतक और 6 अर्धशतक जमाए हैं। 3 में से 2 शतक इसी विश्व कप में आए हैं।

रिपोर्ट

वार्नर के वनडे करियर पर एक नजर 

बाएं हाथ के बल्लेबाज वार्नर ने अपने वनडे क्रिकेट की शुरुआत साल 2009 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ की थी। अब तक 160 मैचों की 158 पारियों में 45.55 की औसत और 97.20 की स्ट्राइक रेट से 6,925 रन बनाए हैं। वनडे में 179 के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 22 शतक के अलावा 33 अर्धशतक भी जमाए हैं। बढ़ती उम्र के बावजूद उनकी प्रासंगिकता बनी हुई है।