टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा कनाडा क्रिकेट टीम का सफर?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में कनाडा क्रिकेट टीम का सफर समाप्त हो गया है। यह टीम ग्रुप-D में थी। टूर्नामेंट में कनाडा टीम ने 4 मुकाबले खेले और सभी मुकाबलों में उसे हार का सामाना करना पड़ा। टीम अपने ग्रुप में 0 अंक (-2.426) के साथ 5वें और अंतिम पायदान पर रही। हालांकि, इस विश्व कप से उसे काफी कुछ सीखने को भी मिला। आइए जान लेते हैं कि पूरे विश्व कप में इस टीम का सफर कैसा रहा।
सफर
ऐसा रहा कनाडा का सफर
कनाडा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 57 रन से हार मिली। टीम 214 रन के लक्ष्य के बदले 156/8 का स्कोर बना पाई। UAE के खिलाफ उसे 5 विकेट से हार मिली। UAE ने 151 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे 8 विकेट से हार मिली। कीवी टीम ने 15.1 ओवर में 174 रन का लक्ष्य हासिल किया। अफगानिस्तान के खिलाफ वह 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 118/8 रन ही बना पाई।
बल्लेबाज
कनाडा के इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
कनाडा के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन युवराज सामरा ने बनाए। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 36.00 की औसत और 156.52 की स्ट्राइक रेट से 144 रन निकले। उन्होंने 1 शतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 110 रन रहा। वहीं, हर्ष ठाकर ने 4 पारियों में 38.66 की औसत और 119.58 की स्ट्राइक रेट से 116 रन बनाए। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 50 रन रहा।
गेंदबाजी
कनाडा के इन गेंदबाजों ने झटके सबसे ज्यादा विकेट
कनाडा के गेंदबाज साद बिन जफर ने कनाडा के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 29.00 की औसत के साथ 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 8.92 की रही। इस खिलाड़ी ने 1 बार 3 विकेट हॉल लिया और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/14 का रहा। इसी तरह जसकरण सिंह ने भी 4 विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 52 रन देकर 3 विकेट लेना रहा।
रिकॉर्ड
कनाडा के नाम आए ये रिकॉर्ड
कनाडा के सलामी बल्लेबाज सामरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में शानदार शतकीय पारी (110) खेली थी। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ और टी-20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले कनाड़ा के पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने महज 19 साल और 141 दिन की उम्र में यह शतकीय पारी खेली है। वह किसी भी ICC पुरुष टूर्नामेंट में शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस मामले में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (20 साल 196 दिन) को पीछे छोड़ा है।
जानकारी
टी-20 विश्व कप में बनाया यह रिकॉर्ड
सामरा टी-20 विश्व कप मैच में 50 से अधिक रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने हैं। उन्होंने इस मामले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के जुनैद सिद्दीकी (बनाम पाकिस्तान 19 साल 325 दिन, 2007) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
रिकॉर्ड
टी-20 विश्व कप में सहयोगी देश से शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज
सामरा टी-20 विश्व कप में किसी भी सहयोगी देश (एसोसिएट्स) की ओर से शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस मामले में USA क्रिकेट टीम के ऐरन जोंस को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने टी-20 विश्व कप 2024 में कनाडा के खिलाफ नाबाद 94 रन की पारी खेली थी। इस सूची में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के माइकल जोंस (86 बनाम आयरलैंड, 2022) तीसरे, स्कॉटलैंड के ही जॉर्ज मुंसी (84 बनाम इटली, 2026) चौथे नंबर पर हैं।