शुभमन गिल का इस साल वनडे में कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
साल 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कमाल का प्रदर्शन किया।
वह हाल ही में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खेली गई टी-20 सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे और अब 26 दिसंबर से शुरू होने वाली 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलेंगे।खासकर वनडे प्रारूप में उन्होंने इस साल खूब रन बनाए।
आइए 2023 में 50 ओवर प्रारूप में गिल के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
इस साल सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे गिल
गिल ने इस साल 29 वनडे खेले, जिसमें 63.36 की औसत और 105.45 की स्ट्राइक रेट से 1,584 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 9 अर्धशतक अपने नाम किए।
2023 में उनके बाद दूसरे और तीसरे सबसे ज्यादा रन भारत के ही विराट कोहली और रोहित शर्मा ने बनाए।
बता दें कि कोहली ने 24 वनडे पारियों में 1,377 रन बनाए, जबकि भारतीय कप्तान रोहित ने 26 पारियों में 1,255 रन अपने नाम किए।
आंकड़े
लगातार दूसरे साल 60 से अधिक का रहा गिल का औसत
गिल ने लगातार दूसरे साल वनडे में 60 से अधिक की औसत से रन बनाए हैं।
पिछले साल उन्होंने 12 वनडे में 70.88 की औसत और 102.57 की स्ट्राइक रेट के साथ 638 रन बनाए थे। पिछले साल उनके बल्ले से 1 शतक और 4 अर्धशतक निकले थे।
इससे पहले 2019 में उन्होंने 2 मैचों में कुल 16 रन बनाए थे। 2020 में उन्हें सिर्फ 1 वनडे में मौका मिला, जिसमें उन्होंने 33 रन बनाए थे।
दोहरा शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में लगाया था दोहरा शतक
साल की शुरुआत में भारत दौरे पर आई न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ गिल ने अपने वनडे करियर में दोहरा शतक जड़ा था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम से गिल ने 149 गेंदों में 208 रन की विशाल पारी खेली थी, जिसमें 19 चौके और 9 छक्के भी शामिल थे।
गिल रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और ईशान किशन के बाद वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बन गए थे।
प्रदर्शन
वनडे विश्व कप 2023 में कैसा रहा गिल का प्रदर्शन?
वनडे विश्व कप 2023 में गिल ने 9 मैच खेले। इस दौरान 9 पारियों में उन्होंने 44.25 की औसत और 106.94 की उम्दा स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाए। इस बीच उनके बल्लेबाज से 4 अर्धशतक भी लगाए।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में वह अपना शतक बनाने से चूक गए थे और 92 रन बनाकर आउट हुए थे।
वह इस संस्करण में 21वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
वनडे करियर
गिल के वनडे करियर पर एक नजर
गिल ने अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज साल 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था।
गिल ने इस प्रारूप में अब तक 44 मैचों में लगभग 61 की औसत और 103.46 की स्ट्राइक रेट से 2,271 रन बना लिए हैं।
वह इतने कम मैचों में ही 6 शतक के साथ-साथ 13 अर्धशतक लगा चुके हैं। विशेष रूप से 6 में से 5 वनडे शतक उनके इसी साल में आए हैं।