Page Loader
IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कैसा रहा है शिखर धवन का प्रदर्शन?
तस्वीर- iplt20.com

IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कैसा रहा है शिखर धवन का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Apr 17, 2022
08:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में अब तक शिखर धवन का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेलते हुए धवन लगातार अच्छी पारियां खेल रहे हैं। आज दोपहर को उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उतरेगी। इस मैच में धवन की बल्लेबाजी पंजाब के लिए काफी अहम रहने वाली है। आइए जानते हैं अब तक SRH के खिलाफ कैसा रहा है शिखर धवन का प्रदर्शन।

प्रदर्शन

SRH के खिलाफ धवन का प्रदर्शन और उनका करियर

Cricketpedia के मुताबिक धवन ने SRH के खिलाफ खेले आठ मैचों में 27.25 की औसत के साथ 218 रन बनाए हैं। उन्होंने अपनी पूर्व टीम के खिलाफ एक अर्धशतक लगाया है। वह SRH के खिलाफ 119 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाते आ रहे हैं। IPL में खेले 197 मैचों में धवन ने 34.97 की औसत से 5,981 रन बनाए हैं। वह अब तक लीग में दूसरे सर्वाधिक 45 अर्धशतक लगा चुके हैं।

मुख्य गेंदबाज

SRH के मुख्य गेंदबाजों के खिलाफ धवन का प्रदर्शन

भुवनेश्वर कुमार ने धवन को खूब परेशान किया है। भुवी के खिलाफ धवन ने 42 गेंदों में 41 रन ही बनाए हैं और एक बार उनका शिकार भी बन चुके हैं। इस सीजन अब तक 11 विकेट ले चुके टी. नटराजन ने भी धवन के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी की है। नटराजन के खिलाफ धवन आउट तो नहीं हुए हैं, लेकिन 13 गेंदों में केवल 15 रन ही बना सके हैं।

बल्लेबाजी

पावरप्ले और बीच के ओवरों में धीमी बल्लेबाजी करते हैं धवन

IPL में लगातार ओपनिंग करने वाले धवन पावरप्ले में 3,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। हालांकि, पावरप्ले में उनका स्ट्राइक-रेट 122.82 का ही रहा है। बीच के ओवरों में भी धवन 127.25 की स्ट्राइक-रेट से ही रन बना सके हैं। इस दौरान उन्होंने 2,500 से अधिक रन बनाए हैं। अब तक दो IPL शतक लगा चुके धवन अंतिम ओवरों में 162 की स्ट्राइक-रेट के साथ तेजी से रन बनाते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

धवन ने इस सीजन अब तक पांच मैचों में 39.40 की औसत के साथ 197 रन बनाए हैं। इस सीजन उनका सर्वोच्च स्कोर 70 रहा है। धवन ने अब तक 133.10 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए हैं।