IPL में रोहित शर्मा की कप्तानी में MI का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने रोहित शर्मा को फिर से अपना कप्तान बनाया है। पिछले सीजन में MI की कप्तानी करने वाले हार्दिक पांड्या अब ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स (PBKS) में शामिल हो चुके हैं और रोहित को यह जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले भी रोहित MI की सफलतापूवर्क कप्तानी कर चुके हैं। आइए उनकी कप्तानी में MI के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
कप्तानी
रोहित की कप्तानी में MI ने जीते अपने 55 प्रतिशत मैच
मैच जीतने के मामले में रोहित IPL इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान हैं।
उन्होंने MI के लिए पहली बार साल 2013 में कप्तानी की थी। आखिरी बार वह 2023 सीजन में कप्तानी करते हुए नजर आए थे।
IPL में उन्होंने 158 मैचों में MI की कमान संभाली, जिसमें से 87 मैच में टीम जीती और 67 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इस बीच 4 मैच टाई रहे हैं। उनकी जीत का प्रतिशत 55.06 का रहा है।
जानकारी
रोहित से ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान हैं धोनी
IPL में रोहित से ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी हैं। बता दें कि धोनी ने बतौर कप्तान 136 मैच जीते हैं और 97 मैच हारे हैं। उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (RPS) की कप्तानी की थी।
खिताब
रोहित की कप्तानी में MI ने जीते 5 खिताब
रोहित IPL के इतिहास में सर्वाधिक खिताब जीतने वाले कप्तान हैं।
2013 के सीजन में रिकी पोंटिंग की जगह पर उन्हें MI का कप्तान बनाया गया था और उन्होंने टीम प्रबंधन के इस फैसले को सही साबित किया था।
उनके नेतृत्व में MI ने 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) ट्रॉफी जीती हैं।
बता दें कि धोनी के नेतृत्व में भी CSK ने 5 खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) जीते थे।
जानकारी
लगातार 2 खिताब जीतने वाले दूसरे कप्तान बने थे रोहित
रोहित IPL में धोनी के बाद लगातार 2 खिताब जीतने वाले सिर्फ दूसरे कप्तान बने थे। इन दोनों के अलावा सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के रजत पाटीदार खिताब का बचाव (2025 और 2026) करने में सफल हुए हैं।
आंकड़े
बतौर कप्तान कैसी रही है रोहित की बल्लेबाजी?
रोहित IPL में कप्तान के तौर पर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
उन्होंने MI की कप्तानी करते हुए 157 पारियों में 28.07 की औसत के साथ 3,986 रन बनाए हैं।
कप्तानी करते हुए उनसे ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली (4,994) और धोनी (4,753) ने बनाए हैं।
रोहित MI की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
हाउस्टेट के मुताबिक, उन्होंने MI के लिए 232 पारियों में 29.75 की औसत से 6,159 रन बनाए हैं।