टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में कैसा रहा है जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 अब अपने अंतिम चरण पर है। भारत समेत चारों सेमीफाइनल टीमें सुनिश्चित हो चुकी हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल में अपनी चुनौती पेश करेगी। इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपने प्रदर्शन से अंतर पैदा करने की कोशिश करेंगे। इस बीच बुमराह के टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय हैं बुमराह
क्रिकइंफो के अनुसार, बुमराह अब तक टी-20 विश्व कप के 4 संस्करणों (2016, 2021, 2024 और 2026) में खेल चुके हैं। वह पीठ की चोट के कारण 2022 के संस्करण में नहीं खेल पाए थे। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने टूर्नामेंट में 24 मैचों में 14.22 की औसत से 35 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 6 से कम (5.63) रही है। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह (35) ने भी उनके बराबर विकेट लिए हैं।
आंकड़े
नॉकआउट मैचों में बुमराह के आंकड़े
टी-20 विश्व कप के इतिहास में बुमराह ने 3 नॉकआउट मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें उन्होंने 14.4 की औसत और 6.75 की इकॉनमी रेट के साथ 5 विकेट लिए। उन्होंने अब तक 2 सेमीफाइनल मैचों (2016-2024) में 18.00 की औसत के साथ 3 सफलताएं हासिल की। इंग्लैंड के खिलाफ 2024 के सेमीफाइनल में भारतीय दिग्गज ने 12 रन पर 2 विकेट लिए थे। उन्होंने अब तक एक फाइनल मैच (2024) में हिस्सा लिया, जिसमें 2 विकेट चटकाए थे।
जानकारी
इंग्लैंड के खिलाफ बुमराह का प्रदर्शन
इंग्लैंड के बुमराह ने अब तक 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें 9.11 की औसत और 5.34 की इकॉनमी रेट के साथ 9 विकेट लिए। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 रन देकर 3 विकेट लेना रहा।
इंग्लैंड
शानदार रहा है बुमराह का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
बुमराह ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इस खिलाड़ी ने अब तक 93 मुकाबले खेले हैं और इसकी 90 पारियों में 18.42 की औसत से 116 विकेट लिए हैं। वह एक बार भी 4 विकेट हॉल या 5 विकेट हॉल नहीं ले पाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/7 का रहा है। वह अर्शदीप (126) के बाद इस प्रारूप में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय हैं।